
पीएम मोदी की रैली में पंडाल गिरने का मामलाः पश्चिम बंगाल भाजपा और ठेकेदार पर हत्या के प्रयास का मुकदमा
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मिदनापुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में पंडाल गिर जाने के एक दिन बाद पुलिस ने मंगलवार को रैली आयोजकों और प्रदेश भाजपा के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कहा कि इस घटना में करीब 90 लोग घायल हुए थे। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2019 के लिए मिशन पर निकले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को मिदनापुर में रैली की थी।
...इस धारा के तहत चलेगा मुकदमा
एक अधिकारी ने कहा, 'प्रधानमंत्री की रैली के आयोजकों के खिलाफ आईपीसी की धारा-308 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ मानव जीवन को खतरे में डालकर या दूसरों की व्यक्तिगत सुरक्षा को चोट पहुंचाने के लिए भी मामला दर्ज किया गया है।'
प्रधानमंत्री ने अस्पताल जाकर की थी मुलाकात
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के साथ ही मोदी की रैली के लिए पंडाल बनाने वाले ठेकेदार के खिलाफ भी इन्हीं धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मिदनापुर कॉलेज के मैदान में सोमवार दोपहर मोदी का संबोधन शुरू होने के कुछ मिनट बाद ही अस्थाई पंडाल का एक हिस्सा गिर गया था। घटना में घायल 24 महिलाओं समेत 90 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रैली के बाद मोदी ने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की थी।
त्रिपुरा का उदाहरण देकर मोदी ने बताए इरादे
गौरतलब है कि रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी पर जमकर तंज कसे थे। उन्होंने अपने रास्ते में लगे टीएमसी के झंडों और फ्लेक्स के बहाने तंज कसते हुए ममता को स्वागत के लिए धन्यवाद दिया था। इसके अलावा पीएम ने हुंकार भरते हुए त्रिपुरा का भी उदाहरण दिया और पश्चिम बंगाल को लेकर अपने इरादे जाहिर कर दिए। गौरतलब है कि हाल ही में त्रिपुरा विधानसभा में भाजपा ने वाम मोर्चे को करारी शिकस्त दी थी।
Published on:
17 Jul 2018 09:15 pm
बड़ी खबरें
View Allक्राइम
ट्रेंडिंग
