क्राइम

जम्मू-कश्मीरः कुलगाम में सेना के साथ मुठभेड़ में तीन आतंकी ढेर, एक की तलाश जारी

Jammu Kashmir में सुरक्षाबल और आतंकियों के बीच मुठभेड़ तीन आतंकी मार गिराए गए, एक की तलाश जारी पुलिस को मिली सूचना के बाद कुलगाम में चलाया सर्च ऑपरेशन
2 min read
• •
Updated: 4 Apr 2020, 9:17 AM IST
indian army at jammu kashmir
सर्च ऑपरेशन के दौरान जवान ( फाइल फोटो)

नई दिल्ली। देश और दुनिया में कोरोना वायरस ( Coronavirus in india ) का खतरा लगातार बढ़ रहा है। बावजूद इसके आतंकी ( Terrorist ) अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। जम्मू-कश्मीर ( Jammu Kashmir ) में एक बार फिर आतंकियों ने दहशत फैलाने की कोशिश की, हालांकि समय रहते सुरक्षाबल के जवानों ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया।

दरअसल शनिवार सुबह दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में तीन आतंकियों को जवानों ने ढे़र कर दिया। फिलहाल मरने वालों की पहचान नहीं हो पाई है।

कश्मीर पुलिस को हर्दमांगुरी के खुर बातपोरा इलाके में चार आतंकियों के छिपे होने की पुख्ता खबर मिली थी। इसके बाद पुलिस ने 34 राष्ट्रीय राइफल्स के साथ मिलकर इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया।

सर्च ऑपरेशन के दौरान ही सुरक्षाकर्मियों का सामना आतंकियों से हो गया। इसके बाद दोनों तरफ से ताबड़तोड़ गोलियां चलीं। अब तक तीन आतंकियों के मारे जाने की खबर है। जबकि एक आतंकी की तलाश जारी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इलाके में चार आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर सुरक्षाबल के जवानों ने इस इलाके को चारों तरफ से घेर लिया। इस बीच मुठभेड़ में तीन आतंकी मार गिराए जबकि एक की तलाश अभी जारी है।

पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक ये वहीं आतंकी थे जिन्होंने बुधवार देर रात कुलगाम में ही दो नागरिकों की गोली मार कर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद से ही लगातार सुरक्षाबल के जवानों की ओर से इन आतंकियों की तलाश की जा रही थी।

शुरुआती जांच में पता चला है कि आतंकवादियों ने नंदीमर्ग के रहने वाले सिराज अहमद गोरसे और गुलाम हसन वागय की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

Published on: