6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी से डोडा-पोस्त का कट्टा निकालने वाला गिरफ्तार

नागौर. गोगेलाव के पास दुर्घटनाग्रस्त लग्जरी गाड़ी का शीशा तोड़कर डोडा-पोस्त के कट्टे निकालने वाले आरोपी को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे हादसे के बाद जब्त दोनों लग्जरी गाड़ी के मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त होने का भी खुलासा हो गया। पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी का मामला दर्ज करते […]

3 min read
Google source verification
गाड़ी मादक पदार्थ की तस्करी के लिए जा रही थी

गोगेलाव के पास हुआ हादसा

नागौर. गोगेलाव के पास दुर्घटनाग्रस्त लग्जरी गाड़ी का शीशा तोड़कर डोडा-पोस्त के कट्टे निकालने वाले आरोपी को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे हादसे के बाद जब्त दोनों लग्जरी गाड़ी के मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त होने का भी खुलासा हो गया। पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी का मामला दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। दिलीप विश्नोई-गोपाल विश्नोई समेत करीब आधा दर्जन तस्करों का गैंग पिछले चार-पांच साल से इसी धंधे में जुटा है। मामले की जांच खींवसर थाना प्रभारी मुकेश वर्मा कर रहे हैं।

गौरतलब है कि मंगलवार की रात गोगेलाव के नजदीक एक लग्जरी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें सवार भंवरलाल समेत तीन-चार लोग अस्पताल निकल गए, जबकि दोनों गाडिय़ां वहीं खड़ी रही। इस बीच एक लग्जरी गाड़ी के पीछे का शीशा तोड़ते हुए कट्टे निकालते हुए एक युवक का सीसीटीवी फुटेज सामने आया। एसपी नारायण टोगस के निर्देश पर एएसपी सुमित कुमार व नारायण कुमार बाजिया के सुपरविजन में कार्रवाई शुरू की गई। सदर सीआई अजय कुमार मीणा के नेतृत्व में हैड कांस्टेबल जालम सिंह, मंछाराम, कांस्टेबल महादेवराम आदि की टीम के साथ जांच शुरू की तो गोगेलाव में ओमप्रकाश जाट (24) के गाड़ी में रखे डोडा-पोस्त के कट्टे ले जाने की बात सामने आई। ओमप्रकाश ने बताया कि पुखराज प्रजापत ने उसे करीब साढ़े ग्यारह किलो डोडा-पोस्त का यह कट्टा दिया। जिसे उसने अपने घर में छिपा लिया। ओमप्रकाश पेशे से चालक है।इससे साफ हुआ कि ये गाडिय़ां कहीं डोडा-पोस्त सप्लाई करने जा रही थीं। अब गाड़ी में सवार तस्कर कौन-कौन थे, इसके लिए घायल भंवरलाल से भी पूछताछ की जा रही है।

यही नहीं पुलिस ने जब्त गाडिय़ों की भी कुण्डली खंगाली है। पुलिस ने हाल ही में खुलासा किया था कि चोरी की गाडिय़ों से मादक पदार्थों की तस्करी हो रही है।

इनके खिलाफ दर्ज हुआ मामला

मादक पदार्थ की तस्करी के खुलासे के बाद पुलिस ने एक होमगार्ड समेत सात जनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के दौरान वहां एक जनप्रतिनिधि के आने की भी खबर मिली है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। इसके एक गाड़ी के मालिक तस्कर गोपाल विश्नोई, दिलीप विश्नोई, शिंभू माचरा, जगदीश चोटिया, होमगार्ड सांवतराम, होटल संचालक पुखराज प्रजापत और भंवर जाट के खिलाफ मामला दर्ज किया है। भंवर उपचाराधीन है।

नवीन हत्याकाण्ड का एक और आरोपी गिरफ्तार

नागौर. करीब एक माह पूर्व युवक नवीन सोनी की हत्या के मामले में एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इस हत्याकाण्ड में चार आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस ने माडपुरा निवासी जितेंद्र सोनी (36) को गिरफ्तार कर शुक्रवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमाण्ड पर भेज दिया । कोतवाली सीआई मनीष देव ने बताया कि शेष आरोपियों की तलाश जारी है।

बाइक सवार भाइयों पर गाड़ी चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास

नागौर. बाइक पर सवार दो भाइयों पर गाड़ी चढ़ाकर जान से मारने के प्रयास का मामला सामने आया है। सदर थाना पुलिस ने पांच जनों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।सूत्रों के अनुसार इस संबंध में ढाकोरिया निवासी दामाराम ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे उनका पुत्र श्रवणराम व तिलाराम बाइक पर नागौर से ढाकोरिया आ रहे थे। बाइक तिलाराम चला रहा था जबकि श्रवण उसके पीछे बैठा था। जब उनकी बाइक घर के पास वाली सड़क पर पहुंची तो दो कैम्पर में सवार बिशनाराम, निम्बाराम,खींयाराम, हड़मानराम व अनाराम समेत पांच-सात अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। पहले एक कैम्पर बाइक को जान से मारने की नीयत से टक्कर मारी जिससे श्रवण व तिलाराम दूर जाकर गिरे। बाद में लाठियों से दोनों को लहूलुहान कर दिया। इस बीच शोरगुल सुनकर घर के लोग भागे तब तक हमलावर फरार हो गए। श्रवणराम व तिलाराम को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। ये हमलावर पिछले चार-पांच दिन से दोनों का पीछा कर रहे थे। जांच एएसआई शिवराम को सौंपी है।

नशे का विरोध करने पर हमला

पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले ये सभी हमलावर नशा करके उत्पात मचा रहे थे तब श्रवणराम व तिलाराम ने इनका विरोध किया। साथ ही इन सबको नशा नहीं करने के लिए कहा। इस पर उस समय तो सब नाराज होकर चले गए पर तब से इन्होंने बदला लेने की ठान ली। इसके चलते शुक्रवार को कैम्पर चढ़ाकर श्रवणराम व तिलाराम की जान लेने की कोशिश की।