21 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

महिला सहकर्मी ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप तो ट्रेनी IPS ने पी लिया सैनिटाइजर, जानें कौन है उदय कृष्ण रेड्डी?

IPS Uday Krishna Reddy Case: महिला ट्रेनी आईपीएस अधिकारी से यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे ट्रेनी आईपीएस उदय कृष्ण रेड्डी ने कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश की है। उन्हें हैदराबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
2 min read
Google source verification
IPS Uday Krishna Reddy attempted suicide

यौन उत्पीड़न के आरोपी IPS उदय कृष्ण रेड्डी ने की खुदकुशी की कोशिश (Photo: X/@BasicshikshakC)

Hyderabad IPS Academy News: हैदराबाद की सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA) में एक महिला प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी से कथित यौन उत्पीड़न और मारपीट के आरोपों का सामना कर रहे ट्रेनी आईपीएस अधिकारी उदय कृष्ण रेड्डी ने कथित तौर पर सैनिटाइजर पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

रिश्तेदार के घर पर हुई घटना

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना सोमवार सुबह हैदराबाद के मोतीनगर स्थित उनके एक रिश्तेदार के घर पर हुई। बताया जा रहा है कि उदय कृष्ण रेड्डी ने सैनिटाइज़र पी लिया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तुरंत एस.आर. नगर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है। फिलहाल उनकी स्थिति को लेकर अस्पताल की ओर से कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।

महिला ट्रेनी IPS ने लगाए गंभीर आरोप

उदय कृष्ण रेड्डी के खिलाफ हाल ही में अट्टापुर पुलिस थाने में एक महिला प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। 30 वर्षीय महिला अधिकारी ने आरोप लगाया है कि 23 जून से आरोपी एक इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप के जरिए उसे आपत्तिजनक संदेश भेजकर परेशान कर रहा था। उसने अकादमी परिसर में उसके दोस्तों के सामने भी अभद्र टिप्पणियां कीं।

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने महिला पर एक अन्य प्रशिक्षु अधिकारी के साथ शारीरिक संबंध होने का झूठा आरोप लगाया और उस कथित संबंध को स्वीकार करने का दबाव बनाया। महिला का आरोप है कि उदय कृष्ण रेड्डी ने उसके लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल भी किया।

मोबाइल छीना, मारपीट और चाकू दिखाने का आरोप

महिला अधिकारी ने अपनी शिकायत में कहा कि 8 जुलाई को आरोपी उसका मोबाइल फोन अपने कमरे में ले गया और जबरन पासवर्ड बताने के लिए मजबूर किया। उसने रेड्डी पर छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि 9 जुलाई को आरोपी ने उसे जबरन अपने कमरे में ले जाकर बाल खींचे, गला घोंटने की कोशिश की और गर्दन पर चाकू रखकर बाहर नहीं जाने दिया। इसके अगले दिन 10 जुलाई को भी उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।

निजी वीडियो रिकॉर्ड कर ब्लैकमेल करने का भी आरोप

महिला प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी ने आरोप लगाया है कि उदय कृष्ण रेड्डी ने उसकी जानकारी और सहमति के बिना उसका एक निजी वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे ब्लैकमेल करने के इरादे से उसके पति को भेजने की धमकी दी।

BNS और IT Act के तहत मामला दर्ज

पुलिस के अनुसार, महिला अधिकारी की शिकायत के आधार पर अट्टापुर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी (IT Act) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।

उदय कृष्ण रेड्डी पुलिस कांस्टेबल से बने आईपीएस

उदय कृष्ण रेड्डी का सफर संघर्षों से भरा रहा है। वह साल 2012 में पुलिस कांस्टेबल के तौर पर भर्ती हुए थे। बताया जाता है कि एक वरिष्ठ अधिकारी की फटकार के बाद उन्होंने नौकरी छोड़कर संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी करने का फैसला किया। 2019, 2021 और 2022 में लगातार असफल रहने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। 2023 में उन्होंने UPSC परीक्षा पास की, लेकिन 780वीं रैंक मिलने के कारण उन्होंने दोबारा परीक्षा देने का निर्णय लिया। आखिरकार 2024 की सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 350 हासिल कर वह आईपीएस चयनित हुए।

फिलहाल, उदय कृष्ण रेड्डी एक महिला प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न और अन्य गंभीर आरोपों के मामले में जांच के दायरे में हैं।