
MP News (photo:patrika creative)
MP News: सिटी कोतवाली क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में सोमवार की रात एक बड़ा फर्जीवाड़ा शादी समारोह के दौरान सामने आया है। गनीमत रही कि लकड़ी पक्ष के लोगों ने थोड़ी समझदारी दिखाई, नतीजन उनकी लड़की की जिंदगी बर्बाद होने से भी बच गई। यह पूरा खेल फेसबुक से शुरू हुआ और अब थाने पहुंच चुका है।
दरअसल, रेलवे इंस्टीट्यूट हॉल में दमोह की रैकवार समाज की एक लड़की की शादी शाजापुर के लड़के से होना थी। लड़की पक्ष ने पूरी तैयारियां कर रखी थीं, टेंट सजा था, घोड़ी बग्गी, बाजा वाले सब तैयार थे। न्यौते पर 300 से अधिक लोग भोजन करने भी पहुंचे थे, लेकिन रात 1 बजे तक जब बारात नहीं पहुंची तो, लड़की वालों को संदेह हुआ और उसके बाद जो खुलासे हुए उसने सभी के होश उड़ा दिए।
बारात, वरमाला, फेरे हर चीज की तैयारी थी, लेकिन लड़का मोनू और उसके साथ दो अन्य लोग ही वर पक्ष से मौजूद थे। लड़की वालों ने जब बारात का पूछा तो बस से रात 11 बजे तक आना बताया गया। इसके बाद बारात की बस गढ़ाकोटा में खराब होना बताया और फिर रात 1 बजे तक बहानेबाजी चलती रही। इस बीच जब परिजनों को संदेह हुआ तो, दूल्हा सहित तीनों से सख्ती से पूछताछ की गई। बाद में पूरा मामला बड़े फ्रॉड से जुड़ा समझ आने लगा और पुलिस बुलाकर तीनों को उनके सुपुर्द किया गया।
पूरा फ्रॉड सामने आने के बाद जब परिजनों ने दूल्हा और उसके साथ आए दो लोगों से पूछताछ की, तो दूल्हे ने खुद के अलग-अलग नाम बताए। महू में रेलवे में नौकरी में नहीं होना भी बताया। इतना ही नहीं खुद को दो दिन से पहले से दमोह में ही होना बताया, इससे स्पष्ट है कि दूल्हा मोनू और उसके दो साथी, जिनमें से एक ड्राइवर है, बड़े फ्रॉड की फिराक में थे, इसके लिए उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से पहले से ही जाल बिछा रखा था।
बताया गया कि फ्रॉड करने आए लड़के ने फेसबुक पर मोनू नाम से आइडी बनाई थी, जो कि उसका वास्तविक नाम नहीं बताया जा रहा है। इसी आइडी से दमोह की उक्त लड़की को जाल में फंसाया। लड़की के पिता नहीं है, इसीलिए उसने अपनी बुआ के समक्ष बात रखी। बुआ ने लड़के से बात की तो उसने बताया कि वह शाजापुर का निवासी है और महू में रेलवे में जॉब करता है, जिस पर लड़के और उसके परिजनों को लड़की देखने बुलाया गया। बाद में बुआ और लड़की के परिजन भी उसे देखने पहुंचे और रिश्ता तय हो गया था। इस दौरान तक लड़की पक्ष के लोग कुछ नहीं समझ पाए थे।
रात से ही फर्जी दूल्हा और उसके साथ पुलिस अभिरक्षा में बताए गए हैं। वहीं मामले को लेकर मंगलवार दोपहर तक इस संबंध में प्रकरण दर्ज नहीं हो सका था। घटनाक्रम के बाद लड़की पक्ष के लोग सकते में है, इधर, पुलिस आवेदन का इंतजार कर रही है। मामले की सीएसपी एचआर पांडेय ने बताया कि उन्हें पूरे प्रकरण की जानकारी नहीं है,पता करता हूं। कोतवाली टीआई मनीष कुमार का कहना है कि मामला रात का है, सुबह से कुछ नहीं मिला है, पता करता हूं। कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
22 Apr 2026 11:05 am
Published on:
22 Apr 2026 11:05 am
