
When the BJP MLA erupted, Ranger said - Do not threaten with mobile
दमोह. मत्स्याखेट पर प्रतिबंध के बावजूद नौरादेही अभयारण्य के भीतर तालाब से मछली मार रहे एक कथित बंगाली डॉक्टर को वन अमले ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे भड़के जबेरा के भाजपा विधायक धर्मेंद्र सिंह लोधी सर्रा रेंज के रेंजर से भिड़ गए। कथित डॉक्टर को कार्यकर्ता बताते हुए छोडऩे को कहा और धमकाया भी कि उसे वह देख लेंगे। इस पर रेंजर तिलक सिंह रायपुरिया ने विधायक से कहा कि वह मोबाइल पर धमकाएं नहीं बल्कि जो उनसे बन पड़े उसके खिलाफ कार्रवाई करवाकर दिखाएं। रेंजर ने इस संबंध में एसडीओपी तेंदूखेड़ा को शिकायती आवेदन भी दिया है। जिसमें विधायक द्वारा धमकाए जाने का आरोप लगाया है।
भाजपा विधायक लोधी और रेंजर रायपुरिया के बीच मोबाइल पर हुई बातचीत का एक ऑडियो भी वायरल हुआ है। जिसमें तू- तड़ाक में हो रही बात साफ सुनी जा रही है। विधायक रेंजर से कह रहे हैं कि उसकी लगातार शिकायतें आ रही हैं। उसका रवैया ठीक नहीं है। पकड़े गए कथित डॉक्टर को कार्यकर्ता बताते हुए विधायक कह रहे हैं कि वह लकड़ी थोड़ी काट रहा था। उसे छोड़ दो वरना देख लेंगे। इस पर रेंजर ने कहा कथित डॉक्टर शिकार कर रहा था, हमें नहीं अपने कार्यकर्ताओं को समझाएं कि वह गलत काम नहीं करें। हम तो अपना काम कर रहे हैं, शासन के आदेश का पालन कर रहे हैं।
ये है मामला
गुरुवार की रात 11 बजे सर्रा वन परिक्षेत्र के नौरादेही अभयारण्य क्षेत्र के टवेना तालाब के पास सर्रा रेंजर तिलक सिंह रायपुरिया व वन अमले ने डॉ. पंकज बख्सी (बंगाली) एक अन्य को मछली मारते हुए गिरफ्तार किया था। वन परिक्षेत्र में मछली व वन्य प्राणियों के शिकार पर हमेशा प्रतिबंध होने के साथ ही वर्तमान में मत्स्य आखेट पर प्रतिबंध लगा हुआ था। जिस पर वन अपराध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
रेंजर नहीं हटा तो आंदोलन करेंगे: लोधी
जबेरा विधायक धर्मेंद्र सिंह ने ऑडियो में हुई बातचीत को स्वीकारते हुए कहा कि सर्रा रेंजर रायपुरिया की लगातार शिकायतें मिल रहीं थीं। 11 जून को उन्होंने मुख्य वन संरक्षक नौरादेही सागर को पत्र लिखा था। जिसमें उल्लेख किया था कि रेंजर वन परिक्षेत्र में आदिवासियों द्वारा वन उपज का संग्रहण व परिवहन करने पर उनसे अवैध वसूली की जा रही है। जिसे अन्यत्र ट्रांसफर किया जाए। जिसे पकड़ा है, वह उनका कार्यकर्ता है। अब इस रेंजर को हटवाने व उसके खिलाफ कार्रवाई कराने के लिए यदि आंदोलन करना पड़े तो करुंगा।
आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा है: रेंजर
सर्रा रेंजर तिलक सिंह ने बताया कि डॉ पंकज के खिलाफ शिकार की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उसे रंगे हाथ पकड़ा है। हम तो शासन से मिले निर्देश का पालन कर रहे हैं। वन परिक्षेत्र व टाइगर रिजर्व में वन्य प्राणियों की रक्षा करना उसका कत्र्तव्य है।
तेंदूखेड़ा न्यायालय ने भेजा जेल
शिकार के आरोपी डॉ. पंकज विश्वास (बख्शी) व रामकिशुन चक्रवती को शुक्रवार की शाम न्यायिक मजिस्ट्रेट तेंदूखेड़ा संजीव पिपलाधिया की अदालत में प्रस्तुत किया गया। जहां से न्यायालय ने दोनों को जेल भेज दिया है। वन अमला दमोह जेल दाखिल कराने दोनों आरोपियों को लेकर रवाना हो चुका है।
Published on:
11 Jul 2020 06:06 am
बड़ी खबरें
View Allदमोह
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
