3 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CG Murder News: रिश्तों पर लालच भारी! पोते ने की दादा की हत्या, दो साल बाद गिरफ्तारी

CG Murder News: बचेली जिले में आयतुपारा नेरली गांव की 14 जनवरी 2024 की सर्द रात अब एक दर्दनाक याद बन चुकी है। उस रात अचानक बिजली गुल हुई और खाट पर सो रहे बुजुर्ग बुधरू तेलाम की निर्मम हत्या कर दी गई।

2 min read
Google source verification
CG Murder News: रिश्तों पर लालच भारी! पोते ने की दादा की हत्या, दो साल बाद गिरफ्तारी(photo-patrika)

CG Murder News: रिश्तों पर लालच भारी! पोते ने की दादा की हत्या, दो साल बाद गिरफ्तारी(photo-patrika)

CG Murder News: छत्तीसगढ़ के बचेली जिले में आयतुपारा नेरली गांव की 14 जनवरी 2024 की सर्द रात अब एक दर्दनाक याद बन चुकी है। उस रात अचानक बिजली गुल हुई और खाट पर सो रहे बुजुर्ग बुधरू तेलाम की निर्मम हत्या कर दी गई। दो वर्षों तक मामला ‘अंधा कत्ल’ बना रहा, लेकिन अब पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ है, उसने रिश्तों की बुनियाद को हिला दिया है।

CG Murder News: जमीन अधिग्रहण बना विवाद की जड़

पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे जमीन अधिग्रहण की मुआवजा राशि का विवाद था। ग्राम नेरली की संयुक्त खाते की जमीन को एनएमडीसी लिमिटेड ने बैलाडिला से नगरनार क्षेत्र तक स्लरी पाइपलाइन और अन्य परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित किया था। सितंबर 2023 में मुआवजा राशि जारी होने के बाद परिवार में मतभेद शुरू हो गए। आरोप है कि पोते राकेश तेलाम ने खातेदारों को मृत दर्शाकर चेक प्राप्त किया और पूरी राशि अपने खाते में जमा कर ली।

साजिश के तहत रची गई हत्या

जब इस फर्जीवाड़े की जानकारी बुधरू तेलाम और उनके बेटों को हुई तो परिवार में तनाव बढ़ गया। पुलिस का कहना है कि कानूनी कार्रवाई और शेष मुआवजा राशि हाथ से निकलने के डर ने आरोपित को हत्या की साजिश रचने तक पहुंचा दिया। घटना की रात उसने पहले परिवार के अन्य सदस्यों के घरों के दरवाजे बाहर से बंद किए, फिर ट्रांसफार्मर से बिजली की सप्लाई काट दी, ताकि अंधेरे में वारदात को अंजाम दिया जा सके।

सोते समय गुप्ती से किया वार

बिजली गुल होने के बाद आरोपी ने खाट पर सो रहे अपने दादा पर गुप्ती से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। गांव में बुधरू तेलाम को शांत, सरल और परिवार को जोड़े रखने वाले बुजुर्ग के रूप में जाना जाता था। उनकी हत्या ने पूरे गांव को झकझोर दिया था।

पुलिस की लगातार जांच और साक्ष्यों के आधार पर दो वर्ष बाद इस ‘अंधे कत्ल’ की गुत्थी सुलझी। आरोपित की गिरफ्तारी के साथ ही मामले में न्याय की उम्मीद जगी है। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि लालच किस तरह रिश्तों को भी खून के रिश्ते तक को तार-तार कर सकता है।