
राशन कार्डधारियों को राहत! फरवरी में नहीं मिला चावल? मार्च में मिलेगा दो महीने का राशन एक साथ(photo-patrika)
PDS news in CG: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के राशन कार्डधारियों के लिए राहत भरी खबर है। जिन हितग्राहियों को फरवरी माह का राशन नहीं मिल पाया था, उन्हें अब मार्च में फरवरी और मार्च दोनों महीनों का राशन एक साथ दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने इस संबंध में निर्देश जारी कर राशन दुकानों के माध्यम से एकमुश्त वितरण की व्यवस्था की है।
प्रशासन के अनुसार जिन राशन कार्डधारियों को फरवरी 2026 का राशन किसी कारणवश नहीं मिल सका था, उन्हें मार्च माह में दोनों महीनों का राशन एक साथ दिया जाएगा। इसके लिए हितग्राहियों को अपनी संबंधित शासकीय उचित मूल्य दुकान पर जाकर राशन प्राप्त करना होगा।
जानकारी के अनुसार फरवरी माह में प्रदाय केंद्रों पर आबंटन के अनुसार चावल की उपलब्धता कम होने के कारण राशन वितरण प्रभावित हुआ था। बाद में नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा उपलब्धता वाले केंद्रों से चावल का परिवहन कर उचित मूल्य दुकानों में भंडारण कराया जा रहा है, ताकि हितग्राहियों को राशन समय पर उपलब्ध कराया जा सके।
खाद्य विभाग ने फरवरी माह के खाद्यान्न भंडारण को पूरा करने के लिए उचित मूल्य दुकानों में डीओ और टीसी की वैधता तिथि 15 मार्च 2026 तक बढ़ा दी है। इससे शेष दुकानों में भी खाद्यान्न का भंडारण पूरा किया जा सकेगा।
जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत पात्र राशन कार्डधारियों को चावल के साथ अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री भी दी जाती है। इसके तहत प्रत्येक राशन कार्ड पर प्रति माह राज्य योजना के अंतर्गत चना 2 किलो, गुड़ 2 किलो, नमक 1 से 2 किलो और शक्कर 1 किलो वितरित किया जाता है। इन सामग्रियों की खरीद और आपूर्ति की जिम्मेदारी राज्य की उपार्जन एजेंसी और नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा की जाती है।
जिला प्रशासन ने अपील की है कि जिन हितग्राहियों को फरवरी माह का राशन नहीं मिला है, वे अपनी नजदीकी शासकीय उचित मूल्य दुकान पर जाकर फरवरी और मार्च दोनों महीनों का राशन एक साथ प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी पात्र हितग्राही को खाद्यान्न से वंचित न रहना पड़े।
Published on:
06 Mar 2026 11:26 am
बड़ी खबरें
View Allदंतेवाड़ा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
