
Datia By Election Narottam Mishra Emotional video (photo ANI VIdeo)
Datia By Election Narottam Mishra Emotional: मध्य प्रदेश के दतिया में सोमवार को एक भावुक पल सामने आया। मौका था भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी की रैली का। रैली में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा अचानक भावुक हो गए। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उन्हें संभाला और कुर्सी पर बैठाया। जबकि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने पहले उनका हाथ पकड़ा और फिर उन्हें समझाइश देते नजर आए।
इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में नरोत्तम मिश्रा की आंखें नम दिखाई दे रही हैं और उनका चेहरा भावुकता की कहानी सुना रहा है। कुछ पलों के लिए खुद को संभालने की कोशिश करते दिखे नरोत्तम मिश्रा अपने दर्द को छिपाने चेहरा पोंछते नजर आए, तो कभी पानी पीकर खुद को ढांढस बंधाते दिखे।
यह भावुक पल उस समय सामने आया जब उम्मीद्वार आशुतोष तिवारी के नामांकन को लेकर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता मौजूद थे। मंच पर उपस्थित मुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत अन्य नेताओं ने उनका मनोबल बढ़ाया।
दतिया उप चुनाव को भाजपा जहां अपनी प्रतिष्ठा का चुनाव मान रही है, वहीं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने यहां पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत कई वरिष्ठ और दिग्गज नेता इस विधानसभा क्षेत्र में लगातार एक्विट हैं। ऐसे में नामांकन रैली के दौरान यह भावुक दृश्य सामने आया, जब नरोत्तम मिश्रा की आंखें नम हो गईं। वे खुद को संभाल नहीं पाए और भावुक हो गए। टिकट न मिलने का दर्द उनकी आंखों से ऐसा छलका कि राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
बता दें कि दतिया उप चुनाव में बीजेपी ने कार्यकर्ता पर दांव खेला है। जहां पहले बीजेपी की ओर से पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के नाम की चर्चा थी। माना जा रहा था कि जल्द ही नरोत्तम के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। खुद नरोत्तम मिश्रा ने भी अपनी दावेदारी की तैयारियां शुरू कर दी थीं। वे नाम की घोषणा के साथ ही नामांकन भरने की चर्चा भी अपने समर्थकों के बीच कर चुके थे। लेकिन फिर अचानक भाजपा ने नरोत्तम मिश्रा के बजाय पार्टी कार्यकर्ता आशुतोष तिवारी के नाम का ऐलान कर दिया।
नरोत्तम मिश्रा को भावुक होते देख, उनके समर्थक भी मंच पर आंसू पोंछते दिखे। लेकिन समर्थकों का कहना था कि पार्टी का फैसला सर्वोपरि है। भाजपा यहां भी अपनी जीत का सिलसिला जारी रखेगी।
आशुतोष तिवारी ने अपना नामांकन पत्र भर दिया। कलेक्ट्रेट में नामांकन भरने के बाद सीएम ने कहा कि पार्टी की ओर से दो सेट में नामांकन पत्र जमा किया गया है। उन्होंने कहा बीजेपी का विजयी अभियान जारी रहेगा।
Updated on:
13 Jul 2026 05:05 pm
Published on:
13 Jul 2026 04:36 pm
