5 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

दतिया उपचुनाव हार के बाद नरोत्तम मिश्रा ने नाराजगी की खबरों को बताया निराधार, समर्थकों से की अपील

Narottam Mishra: भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी से मिलने पहुंचे नरोत्तम मिश्रा, बोले- 'राजनीति में उतार-चढ़ाव आते रहेंगे, हमारे बीच 25 साल का पारिवारिक रिश्ता, आगे भी ऐसा ही बना रहेगा।'
2 min read
Google source verification
narottam mishra

narottam mishra datia bypoll defeat meets ashutosh tiwari, नरोत्तम मिश्रा की फाइल तस्वीर (Source-narottam mishra facebook page)

Datia Narottam Mishra: मध्यप्रदेश के दतिया में हुए उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद मची सियासी सरगर्मियों के बीच पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भाजपा प्रत्याशी रहे आशुतोष तिवारी से मुलाकात की है। इस दौरान नरोत्तम मिश्रा ने सोशल मीडिया और मीडिया में चल रही नाराजगी की खबरों को भ्रामक और निराधार बताया है। इतना ही नहीं उन्होंने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि 'ऐसा कोई काम या टिप्पणी न करें, जिससे पार्टी संगठन या फिर आशुतोष तिवारी को नुकसान पहुंचे।

आशुतोष तिवारी मेरे अनुज- नरोत्तम मिश्रा

नरोत्तम मिश्रा ने आशुतोष तिवारी से हुई मुलाकात की एक तस्वीर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट की है। इस तस्वीर के साथ नरोत्तम मिश्रा ने लंबा कैप्शन लिखा है, इसमें नरोत्तम मिश्रा ने लिखा है- 'दतिया उपचुनाव के बाद सोशल मीडिया पर मेरे और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को लेकर जो भ्रामक और असत्य बातें फैलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह निराधार हैं। आशुतोष तिवारी मेरे अनुज हैं। उनके प्रति मेरे मन में हमेशा स्नेह और आत्मीयता रही है, और आगे भी रहेगी। हमारे बीच न कभी कोई कटुता थी, न आज है। आज भी हमारी मुलाकात हमेशा की तरह उसी गर्मजोशी और अपनत्व के साथ हुई।

आशुतोष तिवारी भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता- नरोत्तम मिश्रा

नरोत्तम मिश्रा ने आगे लिखा है- 'आशुतोष भारतीय जनता पार्टी के एक कर्मठ, समर्पित और मेहनती कार्यकर्ता हैं। मेरे चुनाव 2003 डबरा से मैंने उन्हें एक ईमानदार कार्यकर्ता के रूप में ही देखा है। मैंने वर्षों से उनकी कार्यशैली को करीब से देखा है। मुझे पूरा विश्वास है कि वे संगठन और जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे। आशुतोष ने भी परिणाम के पश्चात किसी का नाम लेकर नाराजगी नहीं जताई यह भी सभी कार्यकर्ताओं के प्रति उनके मन में सम्मान के भाव का प्रकटीकरण है ।

समर्थकों-कार्यकर्ताओं से नरोत्तम की अपील

नरोत्तम मिश्रा ने आगे लिखा है- 'मैं अपने सभी समर्थकों और कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं, कि वे ऐसा कोई कार्य, टिप्पणी या व्यवहार न करें जिससे पार्टी, संगठन या आशुतोष को किसी प्रकार का नुकसान पहुंचे। हमारी ताकत हमारी एकजुटता, अनुशासन और संस्कार हैं। आशुतोष तिवारी और मेरे बीच 25 वर्षों का पारिवारिक रिश्ता है। वह सदैव मेरे अनुज हैं, उनके लिए मैं अभिभावक.. हमारा और उनका यह रिश्ता सदैव ऐसे ही बना रहेगा। राजनीति में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन परिवार, संस्कार और रिश्ते हमेशा स्थायी रहते हैं।'