
बांदीकुई. बांदीकुई-जयपुर एक्सप्रेस वे।
Bandikui–Dwarapura Entry-Exit: बांदीकुई। क्षेत्रवासियों को जल्द ही दिल्ली-मुंबई और बांदीकुई-जयपुर एक्सप्रेस-वे पर आवागमन के लिए बांदीकुई - द्वारापुरा के पास एंट्री-एग्जिट प्वाइंट की सुविधा मिलेगी । एनएचएआई ने करीब 14.3 करोड़ रुपए की लागत से कट निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त रखी गई है। टेंडर 1 सितंबर को खोले जाएंगे ।
परियोजना एक वर्ष में पूरी करने का लक्ष्य है। एनएचएआई ने दिल्ली - मुंबई एक्सप्रेस-वे को जयपुर से जोड़ने के लिए 66.91 किलोमीटर लंबा बांदीकुई-जयपुर ग्रीनफील्ड फोरलेन एक्सप्रेस-वे तैयार किया है । इसमें करीब 32.7 किलोमीटर हिस्सा दौसा तथा 34.1 किलोमीटर हिस्सा जयपुर जिले में आता है । इस एक्सप्रेस-वे के शुरू होने से जयपुर और दिल्ली के बीच सीधी कनेक्टिविटी मिली है, वहीं जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात का दबाव भी कम हुआ है ।
वर्तमान में इस एक्सप्रेस-वे पर भेड़ोली, खुरीखुर्द, सुंदरपुरा, हीरावाला और बगराना में ही एंट्री-एग्जिट की सुविधा उपलब्ध है । ऐसे में क्षेत्र के लोगों द्वारा लंबे समय से बांदीकुई क्षेत्र में भी कट बनाने की मांग की जा रही थी । गौरतलब है कि इस कट की स्वीकृति के लिए क्षेत्रीय विधायक लगातार प्रयासरत थे । हाल ही में पिनान रेस्ट एरिया में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष भी यह मांग रखी थी । इस पर केंद्रीय मंत्री ने एक माह के भीतर टेंडर प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन दिया था ।
दिल्ली - मुबंई एक्सप्रेस वे पर जाने के लिए क्षेत्र के लोगो को भाण्डारेज या करीब 30 किलोमीटर दूर पिनान जाना पड़ता है । वहीं बांदीकुई-जयपुर एक्सप्रेस वे पर जाने के लिए भेड़ोली जाना पड़ता है । आने वाले समय में चढ़ने-उतरने की सुविधा मिलने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सकेगी। इससे समय व ईंधन की बचत भी होगी।
एक्सप्रेस वे पर क्षेत्र में कट से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा होगी । वहीं झांझीरामपुरा, मेहंदीपुर बालाजी, आभानेरी की चांदबावड़ी समेत अन्य धार्मिक व पर्यटक स्थलों तक बाहर से आने वाले लोगों को भी सहूलियत मिलेगी ।
बांदीकुई-द्वारापुरा एन्ट्री व एक्जिट पाइन्ट के संबंध में निविदा प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके बाद आगे की कार्यवाही शुरू होगी।
Updated on:
21 Jul 2026 01:54 pm
Published on:
21 Jul 2026 01:54 pm
