
बांदीकुई धौली गुमटी ओवरब्रिज पर लोड टेस्टिंग करते हुए। फोटो पत्रिका
दौसा। बांदीकुई शहर के धौली गुमटी स्थित आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) पर लोड टेस्टिंग का कार्य तेज गति से जारी है। यदि टेस्टिंग की रिपोर्ट सकारात्मक आती है, तो बांदीकुई की जनता को जल्द ही ओवरब्रिज के लोकार्पण की सौगात मिल सकती है। इससे लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होती नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि आगामी 11 अप्रेल को ज्योतिबा फुले जयंती के अवसर पर प्रस्तावित मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान ओवरब्रिज का लोकार्पण संभावित है। गौरतलब है कि विधायक भागचंद टांकड़ा इस मांग को लेकर उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी से भी मिल चुके हैं।
सीजी कंसल्टेंसी जयपुर की ओर से आरओबी की लोड टेस्टिंग की जा रही है। इसके तहत 100 टन और 120 टन के दो विकल्पों से परीक्षण किया जा रहा है। कुल आठ डम्परों में 220 टन वजन से परीक्षण किया जा रहा है। प्रत्येक स्पेन में अलग-अलग डिफ्लेक्शन की जांच की जा रही है, जिसमें एल/2, एल/4 और 3एल/4 प्वाइंट शामिल हैं। साथ ही औसत रिफ्लेक्शन और 24 घंटे में रिकवरी की स्थिति का भी आंकलन किया जा रहा है।
लोड टेस्टिंग के दौरान एक तरफ 25-25 टन के चार डंपर और दूसरी ओर 30-30 टन के चार डंपरों से भार डालकर परीक्षण किया जा रहा है। यह कार्य अगले दो दिन तक जारी रहेगा। सहायक अभियंता नितेश सैनी एवं बसवा के सहायक अभियंता विनोद मीणा ने बताया कि 1 अप्रेल तक लोड टेस्टिंग का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद डामरीकरण किया जाएगा और प्रयास है कि मुख्यमंत्री के आगमन पर क्षेत्रवासियों को ओवरब्रिज की सौगात दी जा सके।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन की तैयारियां तेज हो गई हैं। राजेश पायलट कॉलेज के सामने आड़े-तिरछे बिजली के खंभों को सुव्यवस्थित कर शिफ्ट किया जा रहा है। साथ ही साफ-सफाई का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है।
धौली गुमटी रेलवे ओवरब्रिज वर्ष 2015-16 में स्वीकृत हुआ था। इसका 2019 तक काम पूरा होना था, लेकिन अब निर्माण कार्य अंतिम दौर पर पहुंचा। देरी के चलते करीब 28 करोड़ रुपए की लागत से शुरू हुआ प्रोजेक्ट बढ़कर 34 करोड़ तक पहुंच गया।
Published on:
30 Mar 2026 03:22 pm
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
