
दौसा में कार के निकट खड़ा संदिग्ध।
राजस्थान के दौसा शहर स्थित गणेश नगर कॉलोनी में शनिवार तड़के करीब सवा चार बजे आए आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी कार चोरी कर ली। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें नकाबपोश आरोपी कार का लॉक तोड़कर उसे ले जाते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। कार चुराने वाले शातिर लग रहे हैं।
कार चोरी से पहले उन्होंने कार के सेंस्टम को तोड़ा, इसके कारण कार का गेट खोलेने पर आवाज नहीं आई। इसके अलावा लोकेशन ट्रेस नहीं हो, इसके कारण मोबाइल की जगह इशारों में बात करते रहे।जानकारी के अनुसार गणेश नगर निवासी सुनील शर्मा ने शुक्रवार रात अपनी कार घर के बाहर खड़ी की थी। शनिवार तड़के करीब 4:15 बजे बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। सुबह उठने पर कार गायब मिलने पर पीडि़त ने पुलिस कंट्रोल रूम और कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी।
कोतवाली थाना प्रभारी भगवान सहाय शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। जांच में सामने आया कि तीन आरोपी एक कार में सवार होकर कॉलोनी में पहुंचे थे। पहले उन्होंने इलाके की रेकी की, फिर दो आरोपी कार के पास पहुंचे। एक ने कार का लॉक तोड़कर ड्राइवर सीट संभाली, जबकि दूसरा बाहर खड़ा होकर निगरानी करता रहा। कुछ ही देर में आरोपी कार लेकर फरार हो गए। कार के नम्बरों पर आरजे 45 लिखा हुआ है।
पुलिस के अनुसार आरोपी हथियारों से लैस थे और वारदात पूरी प्लानिंग के तहत की गई। सीसीटीवी फुटेज में चोरी के बाद कार सोमनाथ चौराहा और कलक्ट्रेट चौराहे से गुजरती नजर आई। इसके बाद कार भंडाना व आगे की तरफ कैमरे में नजर आई है। फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। इधर शहरवासियों ने बताया कि दौसा शहर में पहले भी चोरी की अनेक घटनाएं हो चुकी, लेकिन खुलासा नहीं हो रहा। शहरवासी बढ़ती चोरियों का खुलासा करने की मांग की है। आरोपियों को कड़ी सजा भी दिलवाई जाए। दौसा में कार के पास खड़ा संदिग्ध। इससे पहले दौसा शहर के गुप्तेश्वर मार्ग पर शिक्षक कॉलोनी में एक कार चोरी हो चुकी, उसका भी खुलासा पुलिस ने अभी नहीं किया है।
गुढ़लिया-अरनिया. ग्राम पंचायत अरनिया स्थित बालाजी मंदिर में लगी दान पेटी को तोड़कर अज्ञात बदमाश दान राशि चुरा ले गए। घटना का पता शुक्रवार शाम करीब 7 बजे उस समय चला, जब मंदिर के पुजारी पंडित सीताराम शर्मा रोजाना की तरह पूजा करने पहुंचे।
उन्होंने बताया कि मंदिर में पहुंचने पर दान पेटी का ढक्कन टूटा हुआ मिला। सूचना फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और लोगों ने घटना पर नाराजगी जताई। सूचना पर कोलवा पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Updated on:
24 May 2026 01:33 pm
Published on:
24 May 2026 01:33 pm
