दौसा. जयपुर के मानसरोवर में वीटी रोड मैदान पर आयोजित होने वाले स्वदेशी एवं स्वरोजगार मेले की अनुमति रद्द करने के विरोध में शुक्रवार को स्वदेशी जागरण मंच समेत 18 संगठनों के कार्यकर्ताओं ने दौसा कलक्ट्रेट पर विरोध-प्रदर्शन किया। साथ ही कलक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर दबाव में अनुमति रद्द करने और 5 करोड़ की क्षतिपूर्ति राशि देने की मांग की।
स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक मनोज राघव ने बताया कि स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन द्वारा 23 से 30 सितम्बर तक आयोजित स्वदेशी एवं स्वरोजगार मेले में करीब 50 कंपनियों द्वारा हजारों युवाओं को रोजगार दिया जाना संभावित था। साथ ही प्रदेश के हस्तशिल्प एवं स्थानीय उत्पादकों की सैकड़ों स्टॉल्स भी बुक कर ली गई थी। आयोजन के प्रचार-प्रसार एवं टेंट, सुरक्षा एवं अन्य सेवाओं के लिए अब तक 2 करोड़ रुपए व्यय किए जा चुके थे। इसके बावजूद आवासन मंडल के अधिकारियों ने ऐनवक्त पर उक्त स्थान पर कांग्रेस के बड़े नेता की सभा होने के कारण मेला स्थगित करने को कहकर संशोधित अनुमति 24 सितम्बर से जारी कर दी।
इस अवसर पर पंडित राधेश्याम शर्मा, राजबहादुर शर्मा, राजेश तिवाड़ी, संतोष जांंगिड, अश्विनी शर्मा, अरविंद मीना, मेघसिंह राजावत, बनवारीलाल बैरवा, दीपक जोशी, महेंद्र तिवाड़ी, आलोक जैन, राजेन्द्र शर्मा, सुरेश घोषी, प्रहलाद महेश्वरा, राजाराम मीना, अनूप शर्मा, महेश शर्मा, रमेश भंडाणा, नंदलाल गुप्ता, एडवोकेट दुर्गाप्रसाद सैनी, सेडूराम, हर्षवर्धन शर्मा, अमित गुमानपुरा, रत्तीराम मीना, बलराज सिंह राघव सहित कई विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कलक्टर कक्ष के बाहर धरने पर बैठे
पदाधिकारी जब कलक्टर को ज्ञापन देने पहुंचे तो कर्मचारी ने कलक्टर के वीसी में होने की बात कहते हुए एडीएम को ज्ञापन देने को कहा। इससे पदाधिकारी नाराज होकर कलक्टर कक्ष के बाहर धरने पर बैठ गए। करीब 15 मिनट बाद कलक्टर ने अंदर बुलाकर ज्ञापन लिया। कलक्टर ने वीसी से जुड़े होने की बात कहते हुए मंच के पदाधिकारियों से नाराजगी भी जताई।