
Dausa Lok Sabha Seat Election: अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित दौसा सीट पर कांग्रेस ने विधायक मुरारीलाल मीना को मैदान में उतारा है। भाजपा ने बस्सी के पूर्व विधायक कन्हैयालाल को टिकट देकर चौंकाया। दोनों ही प्रत्याशी राजनीति में अनुभवी हैं। पत्रिका ने दोनों से बातचीत कर उनका विजन जाना। पेश है बातचीत के प्रमुख अंश...।
कन्हैयालाल... जयपुर से दौसा तक मेट्रो ट्रेन चलाने का प्रयास
मुरारीलाल... क्षेत्र में कृषि रिसर्च सेंटर खुलवाना प्राथमिकता
1. पत्रिका: पार्टी ने आपको ही टिकट दिया, इसे किस रूप में देखते हैं?
मुरारीलाल: पार्टी हाईकमान ने विश्वास कर दौसा लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया है। जनता की भावना को देखते हुए टिकट दिया है, जिस पर खरा उतरेंगे।
कन्हैयालाल: टिकट मांगना सबका अधिकार है। अब केन्द्रीय नेतृत्व ने मुझ पर विश्वास जताया उसके लिए आभारी हूं। सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चुनाव लड़ने जा रहे है।
2. पत्रिका: दौसा के विकास के लिए आपका विजन क्या है?
मुरारीलाल: दौसा के किसानों के लिए सरसों का रिसर्च सेंटर सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने, युवाओं को रोजगार के अलावा ट्रेनों के ठहराव सहित अन्य कार्य कराए जाएंगे। दौसा से पंडित नवलकिशोर शर्मा, राजेश पायलट जैसे सांसद रहे हैं, उसी तरह दौसा सांसद का गौरव देश में स्थापित किया जाएगा।
कन्हैयालाल: दौसा में पानी की समस्या है, जिसका समाधान जल्द से जल्द कराया जाएगा। जयपुर से दौसा तक मेट्रो चलाने का प्रयास रहेगा। इसके अलावा सड़कों सहित केन्द्र की सभी योजनाओं का लाभ आम जनता को दिलाना प्राथमिकता रहेगी।
3. पत्रिका: पार्टी में आपसी खींचतान से किस तरह निपटेंगे?
मुरारीलाल: पार्टी में कोई खींचतान नहीं है। छोटी-मोटी बातें चलती रहती हैं, लेकिन यह चुनाव देश की संवैधानिक संस्थाओं को बचाने के लिए है, इसलिए सभी एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं।
कन्हैयालाल: सभी कमल के फूल को प्रत्याशी मानकर काम करते हैं। खींचतान नहीं है। सभी मिल-जुलकर काम कर रहे हैं। बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर राज्य व केन्द्र स्तर के नेताओं का सहयोग मिल रहा है।
4. पत्रिका: किन मुददों को लेकर जनता के बीच जा रहे हो?
मुरारीलाल: भाजपा का झूठ, इलेक्टोरल बॉन्ड, विपक्ष के नेताओं जेल में डालना, पिछली सरकार की योजनाओं को बंद करना, अवैध खनन के नाम पर किसानों के ट्रैक्टर बंद करवाना आदि हैं।
कन्हैयालाल: दौसा में दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस वे चालू हुआ। दौसा-गंगापुर रेल परियोजना पर ट्रेन चलने लगी है। मेडिकल कॉलेज व केन्द्रीय विद्यालय खुल गए। विकास को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं।
5. पत्रिका: जीत के लिए क्या रणनीति बनाई है?
मुरारीलाल: संगठन को सक्रिय कर दिया है। आठों विधानसभा में कार्यकर्ताओं ने प्रचार शुरू कर दिया है। भाजपा सरकार की नीतियों के कारण देश को हुए नुकसान के बारे में बताया जा रहा है।
कन्हैयालाल: नरेन्द्र मोदी को हर व्यक्ति फिर से प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाह रहा है। हर कोई मोदी को चाहता है। लोग मुझे नहीं, पीएम मोदी को जिताने में लगे हैं। एक-एक कार्यकर्ता पूरी मेहनत से लगा है।
Published on:
03 Apr 2024 04:02 pm
