30 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Dausa Accident: ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 3 बहनों के इकलौते भाई की मौत, गांव में छाया मातम

नांगल राजावतान थाना क्षेत्र के आठ मील-लाडलीकावास मार्ग पर बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई।
2 min read
Google source verification

दौसा

image

Anil Prajapat

Jun 30, 2026

Lokesh Meena

मृतक लोकेश मीणा। फोटो: पत्रिका

दौसा। नांगल राजावतान थाना क्षेत्र के आठ मील-लाडलीकावास मार्ग पर बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। एएसआई दीपक कुमार शर्मा ने बताया कि लोकेश मीना (21) पुत्र सांवलराम मीना, निवासी ढागड़ा की ढाणी, सुलतानपुरा (थाना रामगढ़ पचवारा) सोमवार सुबह करीब 8 बजे मोटरसाइकिल से आलूदा काम पर जा रहा था। लाडलीकावास रोड पर 33 केवी जीएसएस के समीप बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस ने उसे दौसा जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे वाले स्थान पर सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। परिजनों के अनुसार लोकेश मीना तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। आसपास के घरों में भी मातम छा गया और कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले।

अवैध बजरी परिवहन करते दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

इधर, मंडावर थाना पुलिस ने अलवर फाटक के पास अवैध बजरी का परिवहन कर रही दो ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया। दोनों वाहनों को थाना परिसर में खड़ा कराया गया तथा चालकों को हिरासत में लेकर शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई। इस बीच खनिज विभाग ने दोनों मामलों में रॉयल्टी एवं ई-रवन्ना चोरी मानते हुए कुल 2 लाख 60 हजार 800 रुपए का जुर्माना लगाया।

खनिज विभाग के फोरमैन दुर्गा सिंह ने बताया कि अब्बास निवासी बड़ोली, तहसील लक्ष्मणगढ़ (अलवर) के विरुद्ध 1 लाख 32 हजार 200 रुपए तथा बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली से करीब 6 टन बजरी का अवैध परिवहन करते मिले जफरु पुत्र हुरमत, निवासी जौनाखेड़ा, तहसील लक्ष्मणगढ़ (अलवर) के विरुद्ध 1 लाख 28 हजार 600 रुपए का जुर्माना लगाया गया। विभाग ने दोनों वाहनों का पंचनामा तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई की।

चालकों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर उठे सवाल

क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चालकों पर केवल शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई किए जाने से अवैध बजरी परिवहन करने वालों में सख्त कार्रवाई का भय नहीं बन पा रहा है। उनका मानना है कि यदि पुलिस कठोर कानूनी कार्रवाई करे तो क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।