
दौसा। लंबे इंतजार के बाद राजस्थान के दौसा जिले में दो दिन से इन्द्रदेव मेहरबान हैं। झमाझम बारिश से सूखे की मार झेल रहे जिले की तस्वीर में सुधार नजर आने लगा है। गुरुवार सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटे में दौसा शहर में करीब 8 इंच बरसात दर्ज की गई है। इससे आसपास के तालाब-बांध आदि में भी पानी की आवक हुई है। ग्रामीण इलाकों में खेत तरबतर हो गए हैं। इससे किसानों में खुशी छा गई। खरीफ की फसलों को जीवनदान मिला है।
जिला मुख्यालय पर बुधवार रात करीब तीन बजे से गुरुवार सुबह साढ़े सात बजे तक झमाझम बारिश हुई। इससे सड़कों पर जलभराव हो गया। कॉलोनियों के मार्गों व मुख्य सड़कों ने दरिया का रूप ले लिया। सदर थाना, बजरंग मैदान, बायपास के आसपास बसी कॉलोनियों सहित कई मोहल्लों में जलभराव से आमजन को परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। पानी निकासी के उचित इंतजाम नहीं करने से नगर परिषद के प्रति भी लोगों में नाराजगी है।
जिले के सबसे बड़े मोरेल बांध में अब जलभराव बढ़कर 15.3 फीट हो गया है। माधोसागर में 5.6, झिलिमिली 2.6, गेटोलाव 1, सिनोली 5.3, जगरामपुरा 3.6, सिंथोली 1.5, भांकरी 4, नामोलाव 5 व हुड़ला बांध में 1.10 फीट जलभराव हुआ है। मोरेल नदी भी 0.06 के गेज पर बह रही है।
देवगिरी पर तड़के नीलकंठ महादेव मंदिर पर जाने वाले श्रद्धालुओं ने बारिश से बह निकले झरनों का लुत्फ उठाया। पहाड़ी मार्ग पर जगह-जगह से झरने के रूप में पानी बहा, जिसके नीचे लोग नहाने लगे। इसी तरह किले की सीढ़ियों पर भी तीव्र गति से पानी आया, जहां दर्जनों लोग जमा होकर आनंद उठाते नजर आए।
स्थान------------------माप
बांदीकुई----------------63
दौसा------------------197
लालसोट---------------160
महुवा-----------------70
मोरेल डेम-------------77
राहुवास---------------107
रेडिया डेम-------------35
सैंथल सागर------------35
सिकराय---------------24
बहरावण्डा-------------28
बैजूपाड़ा--------------11
बसवा----------------115
भांडारेज--------------116
कुण्डल---------------38
लवाण----------------78
मंडावर---------------11
नांगल राजावतान--------75
निर्झरना--------------36
रामगढ़ पचवारा--------113
सैंथल---------------66
( बुधवार सुबह 8 से गुरुवार सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटों में हुई बारिश के आंकड़े)
Updated on:
26 Jul 2024 03:10 pm
Published on:
26 Jul 2024 03:02 pm

बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
