
राष्ट्रीय राजमार्ग-21 स्थित सिकंदरा चौराहे पर प्रस्तावित वीयूपी फ्लाईओवर। Photo: AI generated
Dausa New Flyover: दौसा। राजस्थान में राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पर स्थित सिकंदरा चौराहे के ब्लैकस्पॉट सुधार के लिए प्रस्तावित वीयूपी फ्लाईओवर परियोजना अब विवादों में घिर गई है। निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही स्थानीय व्यापारियों ने परियोजना के स्वरूप पर आपत्ति जताते हुए आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। सभी व्यापार मंडलों की संयुक्त बैठक में बाजार बंद कर धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। खुदरा, थोक एवं अन्य व्यापारिक संगठनों ने आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष जयसिंह गुर्जर एवं व्यापारी रामजीलाल ओड ने बताया कि दौसा जिले के सिकंदरा चौराहे पर वीयूपी फ्लाईओवर के बजाय एलिवेटेड पुल का निर्माण होना चाहिए। उनका कहना है कि फ्लाईओवर निर्माण से बाजार का स्वरूप प्रभावित होगा और राहगीरों की आवाजाही कम होने से व्यापार चौपट हो जाएगा। व्यापारियों को दुकानों और संपत्तियों के भविष्य को लेकर भी चिंता सता रही है।
दरअसल, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सिकंदरा और छोकरवाड़ा क्षेत्र के दो बड़े ब्लैकस्पॉट के स्थायी समाधान के लिए करीब 36.96 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। परियोजना का जिम्मा एवी कंस्ट्रक्शन कंपनी को सौंपा गया है और एनएचएआई की ओर से 27 मार्च को लेटर ऑफ अवार्ड जारी किया जा चुका है। अब विभागीय अधिकारियों ने चौराहे पर मार्किंग और डिमार्केशन का कार्य शुरू कर दिया है, जिसके बाद व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई।
व्यापारियों का आरोप है कि उनकी सहमति और सुझाव लिए बिना योजना लागू की जा रही है। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य वर्तमान स्वरूप में शुरू किया गया तो वे अनिश्चितकालीन आंदोलन करेंगे। व्यापारियों ने यह भी याद दिलाया कि कुछ माह पहले दौसा सांसद मुरारीलाल मीणा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर एलिवेटेड पुल की मांग रखी थी। उस दौरान मंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया था, लेकिन अब वीयूपी फ्लाईओवर का टेंडर जारी होने से व्यापारी खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।
एनएचएआई दौसा के पीडी गजेंद्र सिंह ने बताया कि सिकंदरा में वीयूपी फ्लाईओवर ब्रिज बनाया जाएगा। कंपनी को टेंडर जारी हो चुका है और जल्द निर्माण शुरू करने की तिथि तय की जाएगी। व्यापारियों की मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। गौरतलब है कि वीयूपी यानी व्हीकुलर अंडरपास व्यवस्था में हाईवे ट्रैफिक को बिना बाधा सीधे निकाला जाता है और स्थानीय वाहनों को हाईवे के नीचे बने अंडरपास से आवाजाही की सुविधा दी जाती है।
Updated on:
15 May 2026 02:00 pm
Published on:
15 May 2026 12:14 pm
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
