5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दौसा

दौसा रेलवे स्टेशन पर पत्थरों की बौछार फिर पुलिस ने भांजी लाठी

थानागाजी गैंगरेप पीडि़ता को न्याय दिलाने के लिए जुटी थी भीड़

Google source verification

दौसा. थानागाजी गैंगरेप में आरोपियों को फंासी की सजा दिलाने, पीडि़ता को पचास लाख रुपए का आर्थिक पैकेज दिलाने व मुख्यमंत्री को बर्खास्त करने की मांग को लेकर मंगलवार को दौसा के आगरा रोड स्थित संत सुंदरदास स्मारक के समीप मैदान में आयोजित सभा के बाद किरोड़ी समर्थकों ने दौसा रेलवे स्टेशन पर ट्रेक पर कब्जा करने का प्रयास किया तो उपद्रव हो गया।

 

 

पुलिस-फोर्स ने लाठियां भांजी तो लोगों ने भी पुलिस पर जमकर पथराव कर दिया। रेलवे स्टेशन पर करीब 20 मिनट तक पथराव व लाठियां बरसी। इसमें एसपी प्रहलादसिंह कृष्णियां, उप पुलिस अधीक्षक अखिलेश कुमार, एक महिला कांस्टेबल सहित कई पुलिसकर्मियों को चोट आई। इधर प्रदर्शनकारियों में भी छह लोगों को चोट आई।

 


यूं चला घटनाक्रम


दौसा के संत सुंदरदास स्मारक के समीप डॉ. किरोड़ीलाल ने कूच से पहले सभा आयोजित की। सभा में पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़, हनुमान बेनीवाल व जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीना समेत कई नेता शामिल हुए। सभा में सभी नेता राज्य सरकार पर जमकर बरसे। इसके बाद दोपहर सवा तीन बजे किरोड़ीलाल ने कलक्ट्रेट के लिए चलने का आह्वान किया, लेकिन वे कलक्ट्रेट की तरफ जाने की बजाय समर्थकों के साथ पैदल दौसा शहर में प्रवेश कर गए।

 

 

इसके बाद शहर के रेलवे ओवरब्रिज से होते हुए पुलिया के नीचे से रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेक के बगल में जा पहुंचे। इससे पुलिस-प्रशासन में हड़कम्प मच गया। करीब 5 बजे किरोड़ी समर्थकों ने ट्रेक पर कब्जा कर लिया। करीब दस मिनट बाद समर्थक व पुलिसकर्मी भिड़ गए। ट्रेक पर जाने से रोकने के लिए पुलिस ने लाठी भांजनी शुरू की तो समर्थकों ने पथराव कर दिया। करीब 20 मिनट तक कभी पुलिस लाठियां भांज रही थी तो किरोड़ी समर्थक पत्थर फेंक रहे थे। इससे रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। पटरी पर बिछे पत्थरों को समर्थक फेंकने लग गए। महिलाएं ट्रेक पर बैठ गईं।

 


पुलिस अधीक्षक प्रहलाद सिंह कृष्णियां, एडीएम लोकेश कुमार मीना एवं एएसपी अनिल सिंह सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कुछ देर में समर्थक ट्रेक से हट गए, लेकिन ट्रेक के समीप एकत्र होकर पत्थर फेंकते रहे। उपद्रव को काबू में कर लिया गया है। यहां से पुलिस अधीक्षक एवं अन्य पुलिस अधिकारी व डॉ. किरोड़ीलाल मीना, हनुमान बेनीवाल व जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीना समेत उनके कई समर्थक कोतवाली थाने पहुंच गए।

 

 


गोली की तरह आए पत्थर तो हटी पुलिस

 

रेलवे स्टेशन पर इस दौरान जो पुलिसकर्मी थे, उनमें से अधिकांश के पास लाठी व डण्डे तो थे, लेकिन हेलमेट एवं ढाल नहीं थे। पुलिसकर्मी प्लेटफॉर्म एक पर थे तो आंदोलकारी प्लेटफॉर्म 2 की ओर थे। ऐसे में जब प्रदर्शकारी पत्थर फेंक रहे थे वे पत्थर गोली की तरह आ रहे थे। एक बार तो पुलिस भी पीछे हट गई। पुलिसकर्मी कमरों में घुस गए, लेकिन बाद में पुलिस फिर से बाहर निकली और फिर से लाठी, डण्डे बरसाए।

 

 

एक घंटे चली वार्ता

 

उपद्रव के बाद जिला कलक्टर अविचल चतुर्वेदी भी कोतवाली थाने पहुंच गए। कोतवाली थाना प्रभारी के कार्यालय में अधिकारी व नेताओं में करीब एक घंटे तक वार्ता चली। इस बीच डॉ. किरोड़ीलाल मीना, हनुमान बेनीवाल, जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीना, धुंधीराम मीना, हितेश्वर बैरवा व जब्बार खान को धारा 129 में गिरफ्तार कर जमानत पर छोड़ दिया।

 


वे तो पटरी पार कर रहे थे, लाठी तो पुलिस ने मारी- किरोड़ी


राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीना, हनुमान बेनीवाल व जहाजपुर विधायक गोपीचंद ने कहा कि प्रशासन से पहले ही बात हो गई थी, वे अपने समर्थकों के साथ पटरियां पार कर स्टेशन से बाहर जा रहे थे कि पुलिस ने लाठियां मारना शुरू कर दिया।

 


मामले की जांच होगी -जिला कलक्टर


जिला कलक्टर अविचल चतुर्वेदी ने कहा कि यह जो भी घटनाक्रम हुआ है उसकी गम्भीरता से जांच की जाएगी। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है कि लाठीचार्ज व पथराव कैसे हुआ।