11 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की सेहत में सुधार, अस्पताल से मिली छुट्टी

Former Uttarakhand CM Harish Rawat Health Update: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब उनकी सेहत को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। जानिए डॉक्टरों ने क्या अपडेट दिया है।

2 min read
Google source verification
former cm harish rawat

पूर्व CM हरीश रावत। फोटो सोर्स-IANS

Harish Rawat Health Update: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत (Harish Rawat) की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें देहरादून स्थित दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। बताया गया कि उन्हें ब्लड प्रेशर बढ़ने और अत्यधिक थकान की शिकायत थी, जिसके बाद वह अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया और कुछ समय तक निगरानी में रखने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी।

थकान और बीपी बढ़ने की शिकायत

सूत्रों के मुताबिक, हरीश रावत बुधवार सुबह थकान और बीपी बढ़ने की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे। इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने उनका प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें निगरानी में रख लिया। हालांकि, सेहत में सुधार होने पर डॉक्टर ने उन्हें घर भेज दिया। साथ ही चिकित्सकों ने उन्हें कुछ दिनों तक आराम करने और नियमित स्वास्थ्य निगरानी की सलाह दी है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार उनकी जांच रिपोर्टों का विस्तृत परीक्षण अभी भी किया जा रहा है।

शुभचिंकों ने अस्पताल पहुंच हालचाल जाना

पूर्व मुख्यमंत्री की तबीयत खराब होने की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में चिंता बढ़ गई। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और शुभचिंतक दून अस्पताल पहुंचे तथा उनका हालचाल जाना। अस्पताल परिसर में कार्यकर्ताओं की आवाजाही पूरे दिन बनी रही।

कार्यकर्ताओं से की खास अपील

इस बीच हरीश रावत ने अस्पताल से ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर अपने समर्थकों को आश्वस्त किया कि उनकी तबीयत अब बेहतर है। वीडियो में उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि अल्मोड़ा और पौड़ी में पार्टी की सभाओं को शानदार समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि दोनों जिलों में कार्यकर्ताओं ने जिस जोश और एकजुटता का परिचय दिया, वह कांग्रेस के लिए उत्साहवर्धक है।

हरीश रावत ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनावी अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी को जनता के मुद्दों के साथ संघर्ष जारी रखना होगा और सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर आगे बढ़ना चाहिए। उनके संदेश के बाद समर्थकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और जल्द सक्रिय राजनीति में वापसी की उम्मीद जताई।