1 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

हरिद्वार में राजस्थान के श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, नागौर की महिला की मौत, 25 घायल, मची चीख-पुकार

Haridwar Bus Accident: हरिद्वार में राजस्थान के श्रद्धालुओं से भरी बस पलटने से बड़ा हादसा। नागौर की एक महिला की मौत, 25 घायल। गंगा स्नान के बाद लौट रहा था परिवार। जानिए पूरी खबर...

2 min read
Google source verification
Haridwar Bus Accident, Rajasthan Pilgrims Bus Accident

हरिद्वार में राजस्थान के श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी | फोटो सोर्स- X(@gaurav1307kumar)

Haridwar Bus Accident: उत्तराखंड के तीर्थ स्थल हरिद्वार से एक बहुत ही दुखद खबर सामने आई है। यहां गंगा स्नान करने गए राजस्थान के श्रद्धालुओं की एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में नागौर की रहने वाली एक महिला की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य यात्री घायल हो गए हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।आवाज सुनकर आस-पास के लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है।

कैसे हुआ यह हादसा?

यह दुर्घटना हरिद्वार के सप्तऋषि इलाके में शांतिकुंज के पास हाईवे पर हुई। राजस्थान से गए श्रद्धालु गंगा नहाने के बाद वापस घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान जब सड़क किनारे खड़ी बस को बैक किया जा रहा था, तभी चालक का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया और बस सड़क पर ही पलट गई। तभी सामने से एक डंपर आ रहा था। डंपर ड्राइवर ने बस को बचाने की कोशिश की, लेकिन उसका डंपर भी बेकाबू होकर सड़क किनारे एक ढाबे में जा घुसा। इस दौरान वहां खड़ी एक बोलेरो गाड़ी भी मलबे की चपेट में आ गई।

नागौर की महिला की मौत, मची चीख-पुकार

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे। बस की खिड़कियां और कांच तोड़कर फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने राजस्थान के नागौर की रहने वाली 50 वर्षीय पुष्पकवर (पत्नी भंवर सिंह) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल हुए अन्य 25 लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि गंभीर रूप से घायलों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

प्रशासन ने शुरू की जांच, हटाया गया जाम

मामले की जानकारी देते हुए एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जिनमें से 26 लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल को सक्रिय कर दिया गया था। हाईवे से दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को हटाकर रास्ता साफ कर दिया गया है ताकि ट्रैफिक जाम न लगे। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हादसा बस को बैक करते समय बैलेंस बिगड़ने की वजह से हुआ है, मामले की आगे जांच की जा रही है। राजस्थान में मृतक महिला के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

बड़ी खबरें

View All

देहरादून

उत्तराखंड

ट्रेंडिंग