
Dewas Mata Mandir Case :मध्य प्रदेश के देवास जिले की माता टेकरी पर आधी रात को मंदिर के कपाट खुलवाकर दर्शन करने की जिद और पुजारियों द्वारा इस धर्म विरुद्ध मांग को ना मानने पर उनके साथ मारपीट और अभद्रता करने के मामले में अब सिटी कोतवाली पुलिस ने इंदौर से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला के साथ-साथ 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुजारियों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने वायरल हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गाली गलौज करने, अनियंत्रित वाहन चलाने और धक्का-मुक्की करने सहित अन्य कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
भाजपा विधायक के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला के साथ साथ इंदौर निवासी अमन शुक्ला, उज्जैन निवासी लोकेश चंदवानी, देवास निवासी जीतू रघुवंशी, उज्जैन निवासी मनीष तेजवानी, इंदौर निवासी अनिरुद्ध सिंह पवार और इंदौर निवासी हनी के नाम पर भी केस दर्ज किया गया है।
आपको बता दें कि, इंदौर से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला अपने साथियों के साथ कई गाड़ियों में सवार होकर देवास की माता टेकरी मंदिर पहुंचा था। देर रात लगभग 12 बजे मां चामुंडा के पट बंद होने के बाद रात लगभग 1.00 बजे विधायक पुत्र रुद्राक्ष मां चामुंडा के द्वार पर पहुंचा और पुजारी से गेट खोलने को कहा। इसपर पुजारी ने धार्मिक कारणों का हवाला देकर पट खोलने से इंकार किया, जिसके बाद आरोप है कि, विधायक पुत्र द्वारा पुजारियों मारपीट और अभद्रता की गई। इस घटनाक्रम के कुछ दृष्य सोशल मीडिया पर भी वायरल हुए हैं।
मामले में बीते दिन मठ मंदिर पुजारी संगठन ने आक्रोश व्यक्त करते हुए विधायक पुत्र से तीन दिनों के भीतर माफी मांगने को कहा था। इसके विपरीत कार्रवाई करने की धमकी दी थी। फिलहाल, अब इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी रुद्राक्ष समेत अन्य साथियों की तलाश शुरु कर दी है।
Updated on:
15 Apr 2025, 9:27 AM IST
Published on:
15 Apr 2025, 9:27 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.