
CG Election 2025: 143 साल पुरानी धमतरी पालिका के इतिहास में पहली बार भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पंजे के निशान से बाहर हो गई है। मेयर चुनाव में कांग्रेस के पास खुद का कोई प्रत्याशी नहीं बचा। ऐसे में अब पार्टी निर्दलीय प्रत्याशियों में से ही किसी दूसरे छाप को समर्थन देने की बात कह रही है। नगरीय निकाय के सबसे बड़े चुनाव में कांग्रेस की ऐसी स्थिति देख शहर में भी खूब फजीहत हो रही है। कांग्र्रेस के पार्षद प्रत्याशियों को भी अब खुद के ही चेहरे पर चुनाव लड़ना होगा। पूर्व में पार्टी के महापौर का समर्थन मिलने से जोश दिख रहा था। पार्षद और महापौर एक साथ प्रचार में निकलते थे।
बता दें कि स्क्रूटनी में कांग्रेस के अधिकृत मेयर प्रत्याशी विजय गोलछा का नामांकन रद्द हो गया। कांग्रेस की ओर से विजय के अलावा किसी दूसरे को मजबूत डमी प्रत्याशी नहीं बनाया गया। तब कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने तिलकराज सोनकर के नाम को आगे रखकर अपना डमी प्रत्याशी बताया था। गुरूवार को पार्टी के लोग तिलक को रायपुर पीसीसी की बैठक में भी लेकर गए।
तिलक को कांग्रेस से मेयर प्रत्याशी बनाने की चर्चा रही। इधर शुक्रवार को तिलकराज सोनकर सुबह 11 बजे नगर निगम पहुंच गए। कांग्रेस से उन्हें बी-फार्म मिलने की पूरी उम्मीद थी। अंतिम समय तक वे डटे रहे, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें बी-फार्म नहीं दिया। इधर विपक्ष की नजर भी तिलकराज सोनकर पर टिकी थी। उन्हें भी रिझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे बी-फार्म के इंतजार में आखिरी तक बैठे रहे। इधर दोपहर 1.30 बजे रामू रोहरा निर्दलीय प्रत्याशी रंजीत छाबड़ा के साथ ऑटो में सवार होकर निगम पहुंचे। रंजीत छाबड़ा ने कहा कि मैं भाजपा का सक्रिय सदस्य रहा हूं। मेरी विचारधारा भाजपा से जुड़ी हुई है।
मैंने अपने सलाहकारों के साथ बैठकर निर्णय लिया कि रामू रोहरा का समर्थन किया जाए और मैंने भाजपा के समर्थन में नाम वापस ले लिया। इसके अलावा अन्य महापौर प्रत्याशी कृष्णाराव जगताप, सरिता असाई, रूपा नागदेवे ने भी शुक्रवार को नाम वापस लेकर चुनाव मैदान छोड़ दिया।
नाम वापसी और स्क्रूटनी के बाद नगर निगम धमतरी के निकाय चुनाव में चुनाव लड़ने वालों के चेहरे स्पष्ट हो गए हैं। पूर्व में मेयर के लिए 14 लोगों ने नामांकन दाखिल किया था। नाम वापसी के बाद अब 8 ही रह गए हैं। इनमें भाजपा से जगदीश रामू रोहरा, हमर राज पार्टी से महेश रावटे, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी से महेश कुमार साहू, बसपा से आशीष रात्रे, समाजवादी पार्टी से फिरोज खान तथा निर्दलीय प्रत्याशियों में तिलकराज सोनकर, अवैश हाशमी, गगन कुंभकार शामिल हैं। इधर शहर के 40 वार्डों में चुनाव लड़ने 165 लोगों ने नामांकन जमा कराया था। अब नाम वापसी के बाद 116 पार्षद प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे हैं।
धमतरी नगर निगम के साथ ही 5 नगर पंचायतों में भी चुनाव होना है। नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए 15 और पार्षद के 186 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। कुरुद नगर पंचायत के 15 वार्डों के लिए 37, नगरी में 42, मगरलोड में 46, भखारा में 30 और आमदी में 31 पार्षद प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
हमारे मुख्य प्रत्याशी का नामांकन रिजेक्ट हो गया। दूसरे प्रत्याशी के लिए पार्टी स्तर पर व ऊपर स्तर पर निर्णय लिया जाएगा, जो निर्दलीय बचे हैं उन्हीं में से किसी को समर्थन देंगे। इसका निर्णय 1-2 दिन में ले लेंगे। निकाय चुनाव अप्रैल में होगा इस धोखे में रह गए। अचानक चुनाव की घोषणा से हम पिछड़ गए। शरद लोहाना, जिलाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी
मैं पार्टी की ओर से ही लड़ूंगा। बी-फार्म के बारे में कांग्रेस संगठन जानकारी देगी। बी-फार्म संगठन को जमा करना था।
तिलकराज सोनकर, मेयर प्रत्याशी
भाजपा को जनता का प्यार और कांग्रेस को जनता की दहशत है। कांग्रेस ने अपना हाथ यहां से खींच लिया है। कांग्रेस के प्रत्याशी का नामांकन रद्द होना, खुद की फार्मेलिटी पूरी नहीं करना। इसके बाद कांग्रेस के एक अन्य केंडीडेट को बी-फार्म नहीं देना ये सिद्ध करता है कि कांग्रेस यहां चुनाव नहीं लड़ना चाहती।
रामू रोहरा मेयर प्रत्याशी भाजपा
Updated on:
01 Feb 2025 12:24 pm
Published on:
01 Feb 2025 12:24 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
