
CG Murder News: घर में घुसकर बुजुर्ग की हत्या, लूटपाट कर फरार हुए तीन बदमाश..(photo-patrika)
CG Murder News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के ग्राम भानपुरी में मंगलवार की रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। तीन नकाबपोश बदमाशों ने बुजुर्ग कीरत राम साहू (उम्र लगभग 70 वर्ष) की उनके ही घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।
बताया जा रहा है कि मृतक अपने घर में पत्नी के साथ अकेले रहते थे। देर रात तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाश घर में घुसे और लूटपाट की नीयत से हमला किया। इस दौरान उन्होंने बुजुर्ग की हत्या कर दी, जबकि उनकी पत्नी किसी तरह जान बचाकर एक कमरे में छिप गई।
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से 5 ग्राम सोना, करीब 5 हजार रुपये नकद और चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपी भागने के लिए खेतों के रास्ते का इस्तेमाल कर गए ताकि कोई उन्हें पकड़ न सके।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास के इलाके में तलाशी अभियान भी चलाया गया है। पुलिस ने वारदात को गंभीरता से लेते हुए अलग-अलग टीमों का गठन कर दिया है। गांव के हर प्रवेश और निकासी मार्ग पर नाकेबंदी की गई है।
इस वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना से उनकी सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। कई लोग गुस्से में हैं और पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वारदात की जांच हर एंगल से की जा रही है, और सीसीटीवी व अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिशें जारी हैं।
Updated on:
02 Sept 2025 12:35 pm
Published on:
02 Sept 2025 12:34 pm
बड़ी खबरें
View Allधमतरी
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
