
छत्तीसगढ़ चुनाव: दूसरे चरण के चुनाव के लिए पैरा मिलिट्री फोर्स ने सम्हाला मोर्चा
धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शांतिपूर्ण चुनाव के लिए पैरा मिलिट्री फोर्स का आना शुरू हो गया है।दो दिनों के भीतर यहां 22 कंपनिया पहुंच गई है।अभी 17 और कंपनियां आएंगी। इसके साथ ही माओवाद प्रभावित वनांचल में सुरक्षा का घेरा बढ़ा दिया गया है।
बता दें कि धमतरी जिले में 20 नवंबर को मतदान होना है। इसे देखते हुए जिले के सभी 733 मतदान केन्द्रों की सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस मुख्यालय ने ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया है।प्रशासन के सामने यहां के 70 फीसदी संवेदनशील मतदान केन्द्रों में चुनाव कराने की चुनौती है।इसी चुनौती को देखते हुए शासन से पैरा मिलिट्री फोर्स की 45 कंपनियां मांगी गई थी।शासन ने 39 कंपनियां भेजने के लिए अपनी स्वीकृत दी है। इनमें से 15 बीएसएफ, 22 सीआरपीएफ की कंपनिया है। गौरतलब है कि पूर्व से ही जिले में सीआरपीएफ और सीएएफ की 6 कंपनियां माओवादी मोर्चे पर लोहा ले रही है, जिसे मिलाकर अब चुनाव के लिए पर्याप्त फोर्स उपलब्ध हो गई है।
बस्तर से चुनावी ड्यूटी में फोर्स के आते ही वनांचल में सुरक्षा घेरा को मजबूत कर दिया गया है। बुधवार को नगरी-सिहावा से लेकर जिले की अंतिम सीमा बोराई, चमेदा, घुरावड़ आदि क्षेत्रों में सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया। जंगल के अंदर घुसकर फोर्स ने मतदाताओं को सुरक्षा का अहसास दिलाकर बेखौफ होकर मतदान करने की अपील की।
निर्वाचन सूत्रों के मुताबिक जिले के सिहावा विधानसभा क्षेत्र में 130 मतदान केन्द्र माओवाद प्रभावित है।इसमें 28 केन्द्र अति संवेदनशील है।पुलिस के आला अधिकारियों के साथ जिला निर्वाचन आयोग ने कई दौर की बैठकों के बाद ही सुरक्षा व्यवस्था की ब्लू प्रिंट पर मुहर लगाई है।
Updated on:
16 Nov 2018 02:39 pm
Published on:
16 Nov 2018 02:04 pm
