
CG Weather News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में हवा की दिशा बदलते ही शनिवार को मौसम बदल गया। सुबह घना कोहरा छाया रहा। आऊटरों के साथ ही शहर के भीतर भी कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही। वाहनों को हेडलाइट जलाकर आगे बढ़ना पड़ा। सुबह 11 बजे के बाद हल्की धूप खिली।
बादलों और सूर्य की लुकाछिपी चलते रही। दोपहर 2 बजे के बाद मौसम पूरी तरह से साफ हो गया। इधर मौसम वैज्ञानिक ने रविवार से ठंड बढ़ने की संभावना जाहिर की है। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस गिरावट आने की संभावना बताई है। साल के अंतिम सप्ताह में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना भी बताई जा रही है।
CG Weather News: हवा की दिशा बदलने के साथ ही मौसम में अमूलचूल परिवर्तन होता है। घने कोहरे के कारण दुर्घटना की संभावना भी बनी रहती है। शनिवार को घना कोहरा होने से नेशनल हाइवे सहित स्टेट हाइवे में ड्रायवरों को हेडलाइट जलाकर वाहन धीमी गति से चलानी पड़ी। ऐसे समय में वाहन चालकों को अपनी साइड में ही वाहन चलानी चाहिए।
वाहन की स्पीड भी ज्यादा नहीं होनी चाहिए। मार्निंगवाक पर निकलने वाले लोगों को भी सड़क के ऊपर चलने से बचना चाहिए। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने कहा कि एक अवदाब दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है। इसके उत्तर दिशा में आगे बढ़ते हुए तटीय आंध्रप्रदेश की ओर आने की संभावना है।
इसके बाद यह उत्तर पूर्व की ओर मुड़ने की संभावना है। इन दोनों मौसमी तंत्र के प्रभाव से हवा की दिशा में परिवर्तन हुआ है, जिसके कारण दक्षिण छत्तीसगढ़ में बादल छाया हुआ है। प्रदेश में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री गिरावट की संभावना है। बस्तर संभाग के जिलों में एक-दो स्थानों में बहुत हल्की वर्षा होने की संभावना है।
Updated on:
22 Dec 2024 04:15 pm
Published on:
22 Dec 2024 04:15 pm
