CG News : एक मतांतरित महिला के शव को श्मशान घाट में दफनाने की बात को लेकर बवाल हो गया।
धमतरी। CG News : एक मतांतरित महिला के शव को श्मशान घाट में दफनाने की बात को लेकर बवाल हो गया। ग्रामीण, बजरंग दल और विहिप के लोगों ने इसका जमकर विरोध किया। इससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद महिला के शव को गांव से बाहर मतांतरित कब्रिस्तान में ले जाकर दफनाया गया।
उल्लेखनीय है कि यह मामला जिले के मगरलोड ब्लाक के ग्राम खैरझिटी का है। बताया गया है कि मंगलवार को गांव में मतांतरित एक बुजुर्ग महिला फगनी बाई साहू (70) की मौत हो गई। मृतिका के परिजन, नाते-रिश्तेदार व मतांतरित अन्य परिवार के लोग शव को दफनाने के लिए श्मशान घाट में ले जा रहे थे, तभी ग्रामीणों ने इसका विरोध किया।
ग्रामीणों कहना था कि महिला मतांतरित होने के कारण उसे गांव के शमशान घाट में दफनाने नहीं देंगे। उसे मतांतरित कब्रिस्तान में ही दफनाया जाए। इस बात को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बन गई। मगरलोड पुलिस भी पहुंच गई। सूचना पाकर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी संदीप अग्रवाल और रामचंद्र देवांगन व कार्यकर्ता भी गांव पहुंच गए और विरोध करने लगे।
इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। विरोध के दौरान पुलिस व ग्रामीणों के बीच जमकर झूमा-झटकी भी हुई। ग्रामीण किसी भी शर्त में शव को दफनाने नहीं देने की जिद पर अडे़ रहे। अंतत: पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। बताया गया है कि शव को पुलिस की सुरक्षा में गांव से करीब 12 किमी दूर मोहंदी में मतांतरित कब्रिस्तान ले जाकर दफनाया गया। इसके बाद ही गांव में माहौल शांत हुआ।
खैरझिटी में एक बुजुर्ग महिला की शव को दफनाने की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद शव को दूसरे गांव ले जाकर कब्रिस्तान में दफनाया गया। गांव में अभी शांति है। पुलिस बल भी तैनात है।
- चंद्रकांत साहू, टीआई मगरलोड