14 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Dhamtari smart meter: स्मार्ट मीटर में ऑनलाइन कट रही बिजली, 140 उपभोक्ताओं के कनेक्शन कटे, 236 की सूची रायपुर भेजी गई

स्मार्ट मीटर के जरिए बिजली कनेक्शन ऑनलाइन काटे जा रहे हैं। बिल नहीं भरने पर 140 उपभोक्ताओं के कनेक्शन कटे, जबकि 236 बकायेदारों की सूची रायपुर भेजी गई है।
2 min read
Google source verification

धमतरी

image

Love Sonkar

Aug 14, 2026

Dhamtari smart meter

स्मार्ट मीटर में ऑनलाइन कट रही बिजली (Photo Patrika)

Smart meter: धमतरी में बिजली बिल का भुगतान न करने वाले बकायेदारों पर विद्युत वितरण कंपनी ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। धमतरी संभाग में स्मार्ट मीटर लगने के बाद अब बिना किसी भौतिक हस्तक्षेप के रायपुर कार्यालय से सीधे ऑनलाइन बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं। दिसंबर 2025 से जारी विशेष वसूली अभियान के तहत जुलाई माह में धमतरी संभाग के 236 ऐसे बकायेदारों की सूची ऑनलाइन कार्रवाई के लिए रायपुर भेजी गई थी, जिन पर लगभग 18 लाख रुपये का एरियर्स बकाया है।

140 उपभोक्ताओं की बिजली ऑनलाइन बंद

सूची के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 140 उपभोक्ताओं की बिजली ऑनलाइन बंद की जा चुकी है। विभागीय कड़ाई का असर यह हुआ कि कार्रवाई के डर से 94 बकायादारों ने 12.5 लाख रुपये का बकाया बिल जमा कर दिया। शेष बचे बकायेदारों से वसूली और ऑनलाइन कनेक्शन काटने की प्रक्रिया लगातार जारी है।

चरणबद्ध चेतावनी के बाद चौथे दिन बंद होती है बिजली

विद्युत विभाग ने बिल भुगतान न करने वालों के लिए एक पारदर्शी और चरणबद्ध प्रक्रिया तय की है। जिन उपभोक्ताओं का दो महीने से अधिक समय का बिजली बिल बकाया रहता है, उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर लगातार तीन दिनों तक भुगतान के लिए चेतावनी संदेश भेजा जाता है। यदि इसके बाद भी चौथे दिन तक बिल का भुगतान नहीं किया जाता, तो सिस्टम अपने आप ऑनलाइन माध्यम से बिजली सप्लाई बंद कर देता है। हालांकि बकाया राशि का भुगतान करते ही नियमानुसार कनेक्शन फिर से बहाल कर दिया जाता है।

98,000 स्मार्ट मीटर लग चुके

धमतरी संभाग में स्मार्ट मीटर लगाने का काम तेजी से चल रहा है। संभाग में कुल 1,36,940 उपभोक्ता (घरेलू, कृषि व अन्य श्रेणी) हैं, जिनके लिए 1,28,000 स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। इनमें से अब तक 98,000 स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि बाकी उपभोक्ताओं के यहाँ चरणबद्ध तरीके से मीटर लगाए।

दो महीने से अधिक समय तक बिजली बिल बकाया रहने पर पंजीकृत मोबाइल नंबर पर लगातार तीन दिन तक मैसेज भेजे जाते हैं। इसके बाद भी राशि जमा न होने पर ऑनलाइन कनेक्शन काट दिया जाता है। उपभोक्ता कार्रवाई से बचने के लिए विभाग की वेबसाइट, मोर बिजली एप, यूपीआई, नेट बैंकिंग या नजदीकी विद्युत कार्यालय में समय पर बिल का भुगतान करें।

अनिल प्रसाद सोनी, ईई, सीएसईबी धमतरी संभाग

बड़ी खबरें

View All

धमतरी

छत्तीसगढ़

ट्रेंडिंग