
बरगी हादसे के बाद सतर्कता (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Dhamtari News: धमतरी जिले के गंगरेल बांध में नाव पलटने की खबर से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन बाद में यह एक मॉक ड्रिल निकली। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में रेस्क्यू टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी पीड़ितों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जिला प्रशासन द्वारा ‘ऑपरेशन जल रक्षा’ के तहत इस मॉकड्रिल का आयोजन किया गया था। काल्पनिक परिदृश्य के अनुसार नाव के बीच धार में पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस, होमगार्ड और मेडिकल टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। मोटर बोट के जरिए पानी में गिरे लोगों को बाहर निकालकर किनारे बने मेडिकल कैंप में प्राथमिक उपचार दिया गया।
मॉकड्रिल का अवलोकन करते हुए कलेक्टर ने कहा कि गंगरेल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने नाव संचालन के दौरान लाइफ जैकेट की अनिवार्यता और ओवरलोडिंग पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए। इससे पहले 1 मई को प्रशासन की टीम ने बोटिंग पॉइंट्स का निरीक्षण कर लाइफ ब्वॉय, आपातकालीन किट और नावों की फिटनेस की जांच की थी। सभी तैयारियों के बाद ही इस अभ्यास को अंजाम दिया गया। इस मॉक ड्रिल में राजस्व, पुलिस, होमगार्ड और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी शामिल रहे।
बता दें कि मध्य प्रदेश के जबलपुर में बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। 30 अप्रैल की शाम हुए इस हादसे के 48 घंटे बाद रेस्क्यू टीम को दो और बच्चों के शव मिले हैं। इसके साथ ही इस हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। मृतक बच्चे की पहचान विराज सोनी (6 वर्ष) पिता कृष्णा सोनी और तमिल (6 साल) पिता कमराज के रूप में हुई है। इस हादसे में एक 4 साल का मासूम भी अपनी जान गंवा चुका है, जिससे हर आंख नम है।
गंगरेल बांध में पहली बार शुरू हुई वाटर एंबुलेंस सेवा, जल्द जारी होगा टोल-फ्री नंबर- दशकों बाद गंगरेल बांध डूबान वासियों के लिए राहत भरी खबर आई है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के प्रयास से थर्ड पार्टी कांटे्रक्ट के तहत यहां वाटर एंबुलेंस सेवा शुरू हो गई है। जल्द ही इसके लिए टोल-फ्री नंबर जारी किया जाएगा… पूरी खबर पढ़े
Updated on:
03 May 2026 04:14 pm
Published on:
03 May 2026 04:14 pm
