
पीड़ित शिक्षक के घर में टूटा पड़ा सामान
MP News: मध्यप्रदेश के धार जिले में एक सरकारी टीचर के साथ अमानवीयता की खबर सामने आई है। घटना राजोद थाना क्षेत्र के एक गांव की है जहां सरकारी टीचर व उसकी पत्नी को घर में घुसकर पहले तो पीटा गया और फिर शिक्षक को कपड़े उतरवाकर पूरे गांव में घुमाया गया। घटना शुक्रवार रात की है, शनिवार को पुलिस ने इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जिन्हें जेल भेज दिया गया है। आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।
राजोद थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले 54 वर्षीय शिक्षक के बेटे का गांव की ही रहने वाली एक शादीशुदा महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीते दिनों 25 अप्रैल को शिक्षक का बेटा शादीशुदा महिला को अपने साथ भगा ले गया। इसी से नाराज महिला के परिजनों ने शुक्रवार की रात शिक्षक के घर पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने पहले तो शिक्षक और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की और फिर शिक्षक के कपड़े उतरवाकर उन्हें पूरे गांव में घुमाया। बताया गया है कि शिक्षक का बेटा भी शादीशुदा है और उसके व महिला दोनों के दो-दो बच्चे भी हैं।
महिला के परिजन गुस्से में फरियादी के घर पहुंचे और गालीगलौच करने लगे। शिक्षक ने गाली देने से रोका तो लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की। पत्थर और लोहे के रॉड से हमला कर खिड़की-दरवाजे तोड़ दिए। मारपीट की घटना में फरियादी शिक्षक की पत्नी को सिर में चोट आने से खून निकलने लगा। पीड़ित शिक्षक ने बताया कि आरोपी जाते वक्त धमकी देकर गए हैं कि बेटे के साथ भागी महिला को वापस लाकर दो नहीं तो तुम्हें जान से मार देंगे।
दो परिवारों के बीच हुए इस विवाद से गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची। राजोद टीआई रामसिंह राठौड़ ने बताया कि मारपीट की घटना में सात पुरुष और दो महिलाओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी शांतिलाल पिता भागीरथ, संजय पिता रतनलाल, शंकर पिता भागीरथ, कन्हैयालाल पिता गणपत, राहुल पिता रमेश, राजाराम पिता नारायण, भेरू पिता माधु सोलंकी सहित दो महिलाओं को आरोपी बनाया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया था जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
Published on:
02 May 2026 09:29 pm
बड़ी खबरें
View Allधार
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
