
बाड़ी के सिंगोरई में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने साधा प्रधानमंत्री पर निशाना
बाड़ी के सिंगोरई में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने साधा प्रधानमंत्री पर निशाना
-सच्चा जनप्रतिनिधि वही, जो निभाए वादे: गहलोत
- प्रशासन गांवों के संग अभियान का अवलोकन करने पहुंचे सीएम
- जनसभा को किया संबोधित
धौलपुर/बाड़ी. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि सच्चा जनप्रतिनिधि वही है जो जनता से किए वादे निभाए। गुरुवार को यहां बाड़ी उपखंड के गांव सिंगोरई में प्रशासन गांवों के संग अभियान का अवलोकन करने आए सीएम ने जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। सीएम गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा प्रदेश की जनसभाओं में ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट (ईआरसीपी) को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने घोषणा की थी। केन्द्र में दोबारा सरकार आने के करीब तीन साल बाद भी योजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित नहीं किया गया है। गहलोत ने कहा कि इस परियोजना से धौलपुर समेत पूर्वी राजस्थान के 13 जिलों को पानी मिलना था। इस मौके पर गहलोत ने राज्य सरकार द्वारा धौलपुर सहित समूचे प्रदेश में कराए कार्यों का ब्योरा दिया। इससे पूर्व तय समय से करीब दो घंटे देरी से पहुंचे सीएम गहलोत ने प्रशासन गांव के संग अभियान का अवलोकन भी किया।
पट्टा वितरण में जिला अव्वल
सीएम गहलोत ने प्रशासन गांवों और शहरों के संग अभियानों में जिले में दस दिन में 10 हजार पट्टे वितरित किए जाने पर खुशी जाहिर की। सीएम ने जिला कलक्टर राकेश कुमार जायसवाल सहित जिला प्रशासन को इस पर बधाई दी। गहलोत ने कहा कि जिले में अभियान के तहत उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है।
मैं हिन्दी समर्थक लेकिन, अब वक्त अंग्रेजी का
सीएम गहलोत ने प्रदेश भर में खोले गए महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों को शिक्षा की दिशा में क्रांति बताया। सीएम ने कहा कि कांग्रेस सरकार की इस पहल से बच्चों को गांव में ही मुफ्त में अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा मिल रही है। उन्होंने कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से हिन्दी के समर्थक हैं लेकिन, अब वक्त अंग्रेजी का है। वैश्विक भाषा में पारंगत होने से हमारे बच्चों के लिए अवसरों की भरमार होगी।
सरकार बचाने वाले विधायकों को नहीं भूलूंगा
मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि कुछ महीने पहले सरकार पर आए संकट के वक्त जिन विधायकों ने सरकार बचाने में मदद की उन्हें नहीं भूलूंगा। ऐसे विधायकों के कारण ही आज सरकार बच पाई और मैं आप लोगों के बीच हूं। सीएम ने कहा कि धौलपुर के तीनों विधायकों के सभी काम किए जा रहे हैं।
ब्रॉडगेज पर वसुंधरा को घेरा
सीएम गहलोत ने पूर्व सीएम वसुंधरा राजे को उनके गृह जिले में भी नहीं बख्शा। गहलोत ने धौलपुर- सरमथुरा-गंगापुर वाया करौली रेलवे टे्रक को ब्रॉडगेज करने को लेकर राजे पर हमला बोला। सीएम ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ब्रॉडगेज का शिलान्यास किया था लेकिन, वसुंधरा राजे ने इसे बंद करा दिया।
पार्वती पर पुल का लाएंगे प्रस्ताव
सीएम के दौरे पर बाड़ी विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा व बसेड़ी विधायक के.एल. बैरवा ने बाड़ी-बसेड़ी को जोडऩे के लिए पार्वती नदी पर नगला के पास पुल की मांग की। दोनों विधायकों ने बताया कि इस पर करीब 5 से 7 करोड़ का खर्च आएगा। इस पर सीएम ने आश्वासन दिया कि आगामी बजट में वे इसका ध्यान रखेेंगे।
किसानों के लिए अलग बजट
सीएम गहलोत ने कहा कि कांग्रेस सरकार किसानों की सच्ची हितैषी है। इस बार राज्य सरकार किसानों के लिए अलग से बजट लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के बाद ऐसा करने वाला राजस्थान दूसरा राज्य होगा।
बिजली उत्पादन में बनेंगे आत्मनिर्भर
सीएम ने कहा कि हाल ही राज्य ने बिजली को लेकर संकट झेला है। ऐसे में राज्य को बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। प्रदेश सौर ऊर्जा के क्षेत्र में सिरमौर है। लोगों को भी इसके लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
सामाजिक सुरक्षा बेहद जरूरी
सीएम ने कहा कि देश के लोगों के लिए सामाजिक सुरक्षा बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि वे पिछले लम्बे वक्त से इसकी पैरवी करते आ रहे हैं। अब सुप्रीम कोर्ट ने भी केन्द्र को इस दिशा में कार्य करने को कहा है। सीएम ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए।
लाभकारी साबित हो रही चिरंजीवी योजना
शिविर का अवलोकन करने के दौरान एक महिला ने सीएम को बताया कि उसके ऑपरेशन के लिए मध्यप्रदेश में दो लाख रुपए मांगे गए लेकिन, चिरंजीवी योजना के तहत जयपुर में उसका मुफ्त ऑपरेशन हुआ। सीएम ने कहा कि इसके लिए मात्र 850 रुपए खर्च करने होते हैं। अगर कोई ये राशि भी खर्च करने में असमर्थ है तो जिला कलक्टर भामाशाहों, स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद से ये राशि भर सकते हैं।
कोरोना गया नहीं, सावधानी बरतें
सीएम ने सभा में लोगों को सावधान करते हुए कहा कि अभी कोरोना गया नहीं है। विदेशों में फिर से कोरोना के केस बढऩे लगे हैं। सीएम ने कहा कि हमें सावधानी बरतनी है। राज्य सरकार ने कोरोना काल में बेहतरीन कार्य किया जो देशभर में नजीर बना।
लिया अनुभव का लाभ
सीएम ने कहा कि जब वे पहली बार मुख्यमंत्री बने तो उन्हें प्रद्युम्न सिंह, गुलाब सिंह शक्तावत, खेत सिंह राठौड़, चंदनमल बैद जैसे वरिष्ठ साथियों के अनुभव का लाभ मिला। ये सभी सुखाडिय़ा के समय के लोग हैं। उन्हीं अनुभवों का लाभ अब भी जनकल्याणकारी योजनाएं बनाने में लिया जा रहा है।
नौकरियों के लिए कर रहे नियम-कायदों में बदलाव
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार अधिक से अधिक लोगों को नौकरी देने के लिए नियम-कायदों तक में बदलाव कर रही है। न्यायालयों में लगी अपीलों को वापस लिया जा रहा है। सरकार की मंशा से है युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाए।
जल-जीवन मिशन से पहुंचेगा घर-घर पानी
सीएम ने कहा कि केन्द्र ने जल जीवन योजना के तहत राज्यों पर 50 फीसदी का भार डाल दिया है। प्रदेश के लिए यह बड़ा बोझ है, फिर भी प्रदेश सरकार गांव-ढाणियों में घर-घर नल का पानी पहुंचाएगी।
यह रहे मंचासीन
इस मौके पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष व शिक्षामंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा, वित्त आयोग के अध्यक्ष प्रद्युम्न सिंह, बाड़ी विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा, बसेड़ी विधायक खिलाड़ीलाल बैरवा, राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा, बीज निगम के पूर्व अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठोड़, बाड़ी प्रधान अजय मलिंगा, बसेड़ी प्रधान अमित परमार, बाड़ी नगरपालिका अध्यक्ष कमलेश जाटव, पूर्व विधायक अब्दुल सगीर, पूर्व सभापति रीतेश शर्मा, पूर्व प्रधान मौनू जादौन, सिंगरोई सरपंच केदार सिंह मीना, डॉ. शिवचरण कुशवाह सहित अन्य लोग मौजूद थे।
Published on:
18 Nov 2021 07:36 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
