
धौलपुर। कुख्यात इनामी दस्यु केशव गुर्जर को पुलिस ने सोमवार सुबह कई घंटे चली मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से दस्यु केशव घायल हो गया। जबकि उसके दो साथी दस्यु डांग क्षेत्र में भाग निकले। पुलिस ने दस्यु केशव गुर्जर के कब्जे से एक हथियार भी बरामद किया है। घायल दस्यु को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दस्यु केशव गुर्जर की गिरफ्तार पर राजस्थान, मध्यप्रदेश व उत्तरप्रदेश की पुलिस ने संयुक्त रूप से 1.15 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व करने वाले एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि रविवार को दस्यु केशव के सोने का गुर्जा क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद बाड़ी सर्किल पुलिस, डीएसटी समेत अन्य पुलिस टीमों ने क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस बल की सोमवार सुबह करीब 11 बजे सोने का गुर्जा थाना क्षेत्र के सोहन मंदिर मार्ग क्षेत्र में दस्यु केशव गुर्जर के साथ मुठभेड़ हो गई। इस दौरान कई राउण्ड फायरिंग हुई। एक गोली दस्यु केशव गुर्जर के पैर में लगने से वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया।
राज्य के 25 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल:
दस्यु केशव राज्य के 25 सक्रिय वांछित अपराधियों की सूची में भी शामिल था। सूचना पर भरतपुर से रेंज आईजी गौरव श्रीवास्तव जिला अस्पताल पहुंचे, जहां एसपी ने उन्हें घटनाक्रम की जानकारी दी। दस्यु केशव के चलते पुलिस ने जिला अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और ट्रोमा वार्ड को निगरानी में ले लिया और भारी संख्या में हथियारबंद पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
विभिन्न पुलिस थानों में 18 मुकदमे दर्ज:
दस्यु केशव पुत्र माधौ सिंह गुर्जर धौलपुर जिले के बसई डांग थाना क्षेत्र के सुखसिंह का पुरा गांव का निवासी है। उस पर विभिन्न पुलिस थानों में 18 मुकदमे दर्ज हैं। इसमें हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, नकबजनी समेत अन्य गंभीर मामले शामिल हैं।
Published on:
30 Jan 2023 01:32 pm

बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
