7 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

धौलपुर में बदमाशों की खुली चुनौती : 24 घंटे के अंदर 4 जगहों पर बरसी गोलियां, पुलिस को 2 दिन का अल्टीमेटम

Dholpur Firing : राजस्थान के धौलपुर जिले में 24 घंटे के भीतर चार जगह हुई फायरिंग की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजाखेड़ा में आधे घंटे के अंदर तीन स्थानों पर गोलियां बरसाने के बाद मंगलवार को शहर के कोटला मोहल्ले में करीब 20 राउंड फायरिंग से दहशत फैल गई। आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार बंद कर पुलिस को दो दिन में बदमाशों की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया है।
3 min read
Google source verification
Dholpur Firing

Dholpur Firing: जिले में खुलेआम हथियार लहराते बदमाश (फोटो-वायरल वीडियो शॉट)

धौलपुर। जिले में महज 24 घंटे के भीतर 4 अलग-अलग स्थानों पर हुई फायरिंग की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर राजाखेड़ा कस्बे में बाइक सवार तीन बदमाशों ने आधे घंटे के भीतर तीन अलग-अलग प्रतिष्ठानों और एक ईंट भट्ठे पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर दहशत फैला दी, वहीं दूसरी ओर शहर के कोटला मोहल्ले में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में करीब 20 राउंड फायरिंग की घटना ने पूरे जिले में भय का माहौल बना दिया।

घटनाओं के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद रखकर प्रशासन को 2 दिन के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया है।

पहली घटना : मोबाइल दुकान पर

सोमवार शाम राजाखेड़ा कस्बे में बिना नंबर की बाइक पर सवार तीन बदमाश रामखिलाड़ी चौराहे की ओर से मुख्य बाजार में पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने राजू खान मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर के बाहर बाइक रोकी और दुकान के शटर पर दो गोलियां दाग दीं। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग बाहर निकले, लेकिन तब तक बदमाश मौके से फरार हो चुके थे।

दूसरी घटना : गारमेंट्स दुकान पर

इसके बाद बदमाश कुछ दूरी पर स्थित शांतिलाल गारमेंट्स पहुंचे, जहां उन्होंने फिर फायरिंग कर दी। गोलियों से दुकान के शीशे टूट गए और बाजार में भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानों के शटर बंद कर दिए।

तीसरी घटना : ईंट भट्ठे पर गोलियां चलाईं

इसके बाद भी बदमाश नहीं रुके और सीधे देवखेड़ा रोड स्थित पीएन ईंट भट्ठे पर पहुंचकर वहां भी गोलियां चलाईं। घटना के समय मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

चौथी घटना : कोटला मोहल्ले में

इधर, मंगलवार को धौलपुर शहर के कोटला मंदिर के पीछे स्थित कोटला मोहल्ले में दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। पहले जमकर पथराव हुआ और उसके बाद अवैध हथियारों से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई। गोलियों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। घटना में कुछ वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की भी जानकारी सामने आई।

सीसीटीवी में वारदात कैद

सोमवार को हुई पूरी वारदात बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में तीनों युवक बिना नंबर की बाइक पर सवार और चेहरे पर कपड़ा बांधे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक युवक बाइक रोकता है, दूसरा उतरकर फायरिंग करता है, जबकि तीसरा आसपास नजर रखता दिखाई देता है। वारदात के बाद तीनों अलग-अलग दिशा में फरार हो गए।

सब्जी विक्रेता से पहले की मारपीट

सोमवार को हुई मोबाइल दुकान पर हुई फायरिंग को लेकर संचालक राजू खान ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी और अचानक बदमाश आए, फायरिंग की और भाग निकले। वहीं शांतिलाल गारमेंट्स के संचालक रिंकू जैन ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सूचना के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची। स्थानीय लोगों का दावा है कि वारदात से करीब एक घंटे पहले यही बदमाश बाजार में एक सब्जी विक्रेता से मारपीट करते भी देखे गए थे।

राजाखेड़ा कस्बे के बाजार पूरी तरह बंद

घटनाओं के विरोध में मंगलवार को राजाखेड़ा कस्बे के बाजार पूरी तरह बंद रहे। व्यापार मंडल और स्थानीय व्यापारियों ने गांधी चबूतरे से जुलूस निकालकर एसडीएम सुशीला मीना को ज्ञापन सौंपा। निवर्तमान पालिका अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह जादौन और व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रिंस जैन के नेतृत्व में व्यापारियों ने 2 दिन के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। चेतावनी दी गई कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो गांधीवादी तरीके से धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। विधायक रोहित बोहरा ने भी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि कार्रवाई नहीं होने पर वे भी व्यापारियों के आंदोलन का समर्थन करेंगे।

पुलिस कार्रवाई में जुटी

उधर, पुलिस ने सभी घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। राजाखेड़ा थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान का प्रयास शुरू कर दिया है, जबकि कोतवाली थाना पुलिस भी वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।