
चैम्बरों से निकल रहा गंदा पानी, कॉलोनी में कई रास्ते हुए बंद
धौलपुर. मानसूनी बरसात को सभी को इंतजार रहता है लेकिन पिछले सीजन के अनुभव से कई लोगों के मन अभी डर बना हुआ है। इसकी वजह बरसाती पानी की निकासी नहीं होने के बाद से बिगड़े हालातों का अभी तक सुधर नहीं पाना है। ऐसे की कटु अनुभव से नगर परिषद के वार्ड नम्बर आठ में स्थित आनंद नगर कॉलोनी वासी गुजर रहे हैं। यहां घरों की हालत खराब हो रही है। सडक़ों पर चैम्बरों से गंदा पानी किसी ज्वालामुखी की तरफ फूट कर बाहर निकल रहा है। वहीं, खाली पड़े भूखण्डों में जमा बरसाती पानी इनके स्वास्थ्य के साथ आसपास के घरों को नुकसान पहुंचा रहा है।
कुछ घरों में तो दीवारों में दरारें तक आ चुकी हैं। ये अपनी पीड़ा लगातार जिले के आला अधिकारियों को एक-दो नहीं कई दफा बता चुके हैं लेकिन समाधान अभी तक नहीं है। नगर परिषद बीच-बीच में यहां सॉकर मशीन को भेज कुछ पानी निकलवा देती है लेकिन वह कुछ समय में वापस एकत्र हो जाता है। कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी कि हालातों पर प्रशासन ने जल्द ध्यान नहीं दिया तो आगामी लोकसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने पर मजबूर होना पड़ेगा।
चैम्बर ओवरफ्लो, गंदा पानी सडक़ों पर बह रहा
आनंद नगर कॉलोनी में हालत बेहद खराब बने हुए हैं। यहां गलियों में गंदे पानी की वजह से कई रास्ते बंद हैं। वहीं, सीवरेज के बने चैम्बरों में से गंदा पानी बाहर निकल रहा है। इसकी वजह चैम्बरों की उचित सफाई नहीं होना है। स्थानीय लोग कई दफा वार्ड पार्षद से लेकर जिला कलक्टर तक गुहार लगा चुके हैं लेकिन एक-दो दफा सफाई के बाद फिर से पानी बाहर निकलने लगता है। लोगों का कहना है कि चैम्बरों को अंदर से साफ नहीं किया जा रहा। अंदर गाद जमने से पानी बाहर ही निकल रहा है। सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति हो रही है।
अधिकारी चैम्बरों से ही देते हैं निर्देश
कॉलोनीवासियों में व्यवस्था के खिलाफ गुस्सा इस कदर है कि वे कहते हैं प्रशासनिक अधिकारी केवल चैम्बरों से ही निर्देश देते हैं। मौके पर विजिट के लिए समय नहीं है। इस वजह से संबंधित एजेंसी भी फौरी तौर पर कार्य कर पल्ला झाड़ लेती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद के अधिकारी बरसात के दौरान आए लेकिन फिर निरीक्षण नहीं किया। अब केवल सॉकर मशीन या फिर पंपसेट भेजकर पानी निकलवाने का प्रयास होता है। लेकिन कुछ घंटे चलने के बाद ये लौट जाती है। सीवरेज जाम होने से गंदा पानी वापस चैम्बरों से निकल कर आसपास जमा हो रहा है। जिससे निकलने के रास्ते अवरुद्ध हो रहे हैं।
- कॉलोनी के चैम्बर गंदगी से अटे पड़े हैं। गंदा पानी सडक़ों पर बह रहा है। प्रशासन को शिकायत की पर खास ध्यान नहीं दिया। लोगों को अपने ही हाल पर छोड़ दिया है।
- दाताराम, रहवासी आनंदनगर
- गत बरसात के मौसम में तो कॉलोनी टापू बन गई थी। सभी रास्ते बंद हो गए थे और लोगों के घरों में पानी जा घुसा था। चार-पांच दिन तो निकलना मुश्किल हो गया। शिकायतें की जिस पर कुछ पानी निकाला। लेकिन अब भी हालात बदतर बने हुए हैं।- महावीर कुलश्रेष्ठ, रहवासी आनंदनगर
- घर में पानी घुस गया था, मकान में सीलन आ गई। पानी कुछ समय पहले जाकर निकला है। फर्श को उठवा। नुकसान की भरवाई करने वाला कोई नहीं है। पूरी कॉलोनी में ये ही हाल है। चैम्बरों की सफाई तक नहीं होती है। केवल खानापूर्ति जारी है।- बद्रीप्रसाद सिंह, सेवानिवृत जेलर
- कॉलोनी में पानी निकासी के स्रोत बंद हो चुके हैं। गंदा पानी सडक़ों पर जमा है। कई रास्ते तो बंद पड़े हैं। इलाके के कई घरों में तो भारी नुकसान पहुंचा है। लेकिन किसी को कोई फिक्र नहीं है। शिकायतों पर एक दिए ध्यान देते हैं फिर रामभरोसे स्थिति रहती है।- नवल किशोर, रहवासी आनंदनगर
Published on:
02 Feb 2024 11:39 am
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
