30 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Dholpur: विधायक रोहित बोहरा ने सीएम की घोषणाओं पर उठाए सवाल, स्टेडियम लायक जमीन नहीं तो फिर कैसे होगा निर्माण

राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से जनसभा में की घोषणाओं पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि सीएम ने ढाई करोड़ की लागत से फूलपुर में स्टेडियम के निर्माण की घोषणा की है, पर समझ से परे हैं कि जब मौके पर जगह ही नहीं तो फिर स्टेडियम का निर्माण कैसे होगा।
2 min read
Google source verification
Dholpur news

रोहित बोहरा राजाखेड़ा विधायक

धौलपुर. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष और राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से फूलपुर में आयोजित जनसभा में की घोषणाओं पर सवाल खड़े करते हुए सीधे सरकार पर हमला बोलते कहा कि कांग्रेस सरकार में ही हमने फूलपुर में स्टेडियम के लिए प्रयास किए लेकिन यहां जगह कम होने पर प्लान बदल दिया और फिर दूसरे स्थान पर जगह की उपलब्धता है। लेकिन सीएम ने ढाई करोड़ की लागत से शानदार स्टेडियम के निर्माण की घोषणा की है, पर समझ से परे हैं कि जब मौके पर जगह ही नहीं तो फिर स्टेडियम का निर्माण कैसे होगा।

विधायक बोहरा ने कहा कि प्रदेश की हालात खराब है, सरकार पर पैसा नहीं है और आने वाले समय में कार्मिकों के वेतन तक के लाले पडऩे वाले हैं। कहा कि प्रदेश की जीएसडीपी दर नीचे से 36.3 फीसदी है और पश्चिम बंगाल की 37.6 और पंजाब की तो और भी खराब है यहां पर 46 फीसदी तक पहुंच गई। यह सरकार की माली हालत को बताती है। सरकार घोषणा पर घोषणा कर रही है लेकिन बजट तो मिल ही नहीं रहा। सडक़ें बन नहीं रही है, संवेदकों का भुगतान लटका पड़ा है, जिससे काम बंद हो गए हैं। बोहरा ने कहा कि ऐसा लगता है कि धौलपुर तो राजस्थान का पार्ट ही नहीं है। सारी सुविधाएं भरतपुर को मिल रही हैं। धौलपुर का पानी भी भरतपुर पहुंच रहा है लेकिन यहां पर कुछ नहीं हुआ। बोहरा ने कहा कि धौलपुर शहर जलभराव की समस्या से जूझ रहा है और प्रभारी मंत्री भी अवगत करा रहे हैं लेकिन फिर भी सरकार का ध्यान नहीं है। आमजन की सरकार नहीं सुनेगी तो कौन सुनेगा? कहा कि अब आवाज बुलंद करने का समय आ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्य के नाम पर शून्य है।

सुध तो ली, सीएम साहब का शुक्रिया...

राजाखेड़ा विधायक ने कहा कि सीएम उनकी विधानसभा क्षेत्र के मनियां इलाके में आए, इसके लिए उनका शुक्रिया करता हूं। कम से कम सीएम ने धौलपुर की सुध तो ली। कहा कि सीएम ने राजाखेड़ा में एक पुल की स्वीकृति दी जिसका वह आभार जताते हैं। बोहरा ने कहा कि बाकी तो कोई घोषणा उन्होंने की ही नहीं, बल्कि अधिकतर बजट घोषणाएं थी। कहा कि राजाखेड़ा में मंडी यार्ड की पहले ही घोषणा हो चुकी है, पहले जमीन आवंटित नहीं हुई और जब जमीन हो गई तो अब बजट नहीं मिल रहा। जिससे काम अटका पड़ा है। वहीं, रेहना वाली माता मंदिर और एक अन्य मंदिर की घोषणा भी बजट की है। कहा कि केवल पुरानी घोषणा को पुन: घोषित कर दिया।

अधिकारियों ने पत्थर उद्योग खत्म कर दिया

विधायक बोहरा ने कहा कि किसी समय देशभर में धौलपुर का रेड स्टोन उद्योग का नाम हुआ करता था लेकिन आज यह पूरी तरह से खत्म होने के कगार पर है। काम बंद पड़ा है और श्रमिकों को रोजगार नहीं मिल रहा है। आरोप लगाया कि पत्थर उद्योग क्यूं बर्बाद किया जा रहा है, यह सभी को पता है। कहा कि वन विभाग के अधिकारी बेजा परेशान कर रहे हैं और चंद लोगों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। जंगलों में आग लग जाती है, इसकी जांच होनी चाहिए।