
Dholpur news
Dholpur, सरमथुरा. पड़ोसी जिले करौली से स्मैक का कारोबार सरमथुरा में पैर पसारने लगा हैं। क्षेत्र में चोरीछिपे इस अवैध कारोबार में फंसकर अनेक परिवार और युवा पीढ़ी बर्वाद हो रही है। शहर के आसपास ही मादक पदार्थों के कारोबार के फैलने के बाद भी पुलिस को भनक तक नहीं है। गौरतलब रहे कि पड़ोसी जिले करौली में पुलिस ने बड़े स्तर पर पूर्व में तत्कालीन एसपी ब्रजेश उपाध्याय के समय अभियान चलाया था। विशेष कर युवाओं को जागरुक कर उन्हें नशे के नुकसान बताए। इससे पहले धौलपुर में स्मैक समेत अन्य मादक पदार्थ का रुट करौली से सरमथुरा रह चुका है। यह रुट सीधे राजधानी जयपुर को जोड़ता है। वहीं, पुलिस ने 31 जुलाई को अनराज मीना निवासी नकटपुरा को अवैध मादक पदार्थ स्मैक 3 ग्राम 73 मिली ग्राम के साथ पकड़ा है।
युवा पीढ़ी के भविष्य को बर्बाद होने से रोकने के लिए नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के रोकथाम के लिए पुलिस को विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता है। हालांकि पुलिस ने डेढ़ साल पूर्व एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी युवक के कब्जा से 07 ग्राम स्मैक की पुडिय़ा बरामद की थी, जो शहर में सप्लाई करने जा रहा था। सरमथुरा क्षेत्र के खरौली, बड़ागांव, नकटपुरा, चिलाचौंद आदि गांवों में नशे का कारोबार फैल रहा है। स्मैक तस्कर का नेटवर्क पड़ोसी जिले करौली एवं गंगापुर सिटी सहित अन्य इलाकों तक फैला होने का अंदेशा है। जो स्मैक की सप्लाई करौली से सरमथुरा सहित आसपास के इलाके में करते हैं।
लालची युवकों ने सरमथुरा तक नेटवर्क फैलाया
करौली में गत पांच सालों से स्मैक का नशा तेजी से फैला है। करौली जिले में नशा से युवाओं का भविष्य बर्वाद होते देख नाबालिग बच्चों सहित 20 से 40 वर्ष के बीच के युवाओं को नशा की जकड़ में आने से पुलिस सक्रिय हो गई है। मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस ने अभियान चलाया हुआ हैं। जिसकी गूंज सरमथुरा तक सुनाई दे रही हैं। लालची युवकों द्वारा सरमथुरा की सीमा करौली जिले से सटी होने के कारण इस कारोबार को रोकना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ हैं। हालांकि करौली जिले में स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थी भी काफी संख्या में स्मैक की चपेट में अपना भविष्य चौपट कर रहे हैं।
घबराहाट, बैचेनी तथा नीद की कमी स्मैक के लक्षण
मनोचिकित्सक डॉ. विक्रांत गोयल ने बताया कि स्मैक का सेवन करने से त्वचा पर धब्बे, होठों पर कालापन, बालों का झडऩा, अवसाद, मानसिक अस्थिरता, तनाव, नाक से पानी बहना, दिल की धडक़न बढऩा, घबराहाट, बैचेनी तथा नीद की कमी आदि स्मैक के आदि लक्षण हैं।
एनएच 44 पर लोडिंग गाडिय़ां पर संदेह
इधर, धौलपुर शहर से गुजर रहे एनएच ४४ पर मध्यप्रदेश की तरफ से आने वाली कुछ लोडिंग गाडिय़ां सामान में छिपाकर मादक पदार्थ की सप्लाई करने का शक रहा है। गत मई माह में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और निहालगंज थाना पुलिस ने हाइवे 44 स्थित मिडवे के पास कार्रवाई कर एक कंटेनर से 1100 किलो डोडा-चूरा (पोस्त) जब्त किया है। जिसकी कीमत लगभग 1.45 करोड़ रुपए बताई गई थी। इसी तरह मनियां थाना क्षेत्र के गांव सियापुरा से हरिनगर जाने वाले रास्ते पर एक व्यक्ति के पास से दो प्लास्टिक कट्टों से 12 किलो से अधिक डोडा.चूरा और हरे अफीम के पौधे बरामद कर युवक को गिरफ्तार किया गया था। इधर, धौलपुर कोतवाली थाना पुलिस ने हाल ही में तगावली रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक युवक को 166 ग्राम अवैध गांजे पकड़ा था।
Updated on:
02 Aug 2026 06:51 pm
Published on:
02 Aug 2026 06:51 pm
