
Dholpur news
धौलपुर. जिले का सबसे बड़ा धाार्मिक पर्यटन स्थल और तीर्थों के भांजे कह जाने वाले मचकुंड स्थल पर वैसे तो करोड़ों रुपए के कार्य हुए हैं। मचकुंड के पश्चिमी भाग की स्थिति पहले से बेहतर हुई है लेकिन अभी भी कुछ हिस्सों पर ध्यान नहीं दिया। गुरुद्वारे की तरफ कई पुराने जीर्णशीर्ण इमारतों की मरम्मत नहीं होने से यह अब साथ छोड़ रही हैं। धीरे-धीरे यहां सामने की तरफ एक इमारत की दीवार ढह चुकी हैं और बड़ी दरारें आ रही हैं, जो इस ऐतिहासिक सरोवर को नुकसान पहुंचा सकती है।
ऐसा नहीं यह दृश्य दिखाई नहीं देते लेकिन जिम्मेदार हर बार बजट होने की बात कहकर आगे बढ़ जाते है। यानी ढह रही दीवार की मरम्मत तक को राशि नहीं है। जबकि मचकुंड सरोवर की पूर्वी राजस्थान ही नहीं आसपास के प्रदेशों में खासी प्रसिद्ध है। वैसे तो यह परिसर पुरातत्व विभाग के अंतर्गत आता है। लेकिन यहां पर सार-संभाल की जिम्मेदारी नगर परिषद पर ही है। लेकिन परिषद के दिन पहले ही तंगहाल हैं, ऐसे में वह केवल सफाई कार्य और आवश्यक रोशनी व्यवस्था तक ही सीमित है। अधिकारियों का कहना है कि मचकुंड जैसे तीर्थस्थल पर व्यवस्था करने के लिए बड़ी राशि चाहिए।
भरतपुर में चले फाउंटेन, यहां पड़े बंद
हाल में भरतपुर मुख्यालय स्थित सुजान गंगा नहर में पर्यटन के लिए लिहाज पर बड़े स्तर पर कार्य हुआ। यहां पर रंगीन म्यूजिकल फव्वारों का संचालन शुरू हुआ है जो आमजन को भा रहा है। जबकि धौलपुर में मचकुंड पर पूर्व में संचालित फाउंटेन काफी समय से बंद पड़े हैं। वहीं, मचकुंड को पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए केंद्र और राज्य स्तर से पूर्व में करोड़ों रुपए की राशि से लाइट एंड साउंड शो, विश्राम गृह और पार्किंग का निर्माण हुआ था। लेकिन वर्तमान में लाइट एंड साउंड शो पूरी तरह शांत पड़ा है और अब तो उपकरण क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इस पर प्रशासन और न ही पर्यटन विभाग ने ध्यान दिया। नतीजा ये हुआ कि पर्यटक मचकुंड से दूर होते चले गए।
मंदिर और घाटों पर कार्य, बने नए प्लेटफार्म
मचकुंड के पश्चिमी घाट की दशा हाल के दिनों में हुए कार्यों के चलते बदली है और अब यहां पर आमजन के साथ शहर के लोग पहुंचते हैं। देवस्थान व पुरातत्व विभाग की ओर से मचकुंड धाम पर खस्ताहाल हो चुकी छतरियों और मंदिरों के जीर्णोद्धार पर करीब 3 करोड़ की राशि से कार्य कराए हैं। साथ ही कुछ समय पहले महिला श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए यहां पर करीब 20 लाख रुपए की लागत से घाटों पर शौचालय और चेजिंग रूम का भी निर्माण हुआ है।
पर्यटकों के लिए नहीं कोई सुविधा...
मचकुंड स्थल पर बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए कोई खास सुविधा नहीं है। यहां पर परिक्रमा में चारों तरफ पीने के लिए पानी तक नहीं है। केवल लाडली जगमोहन मंदिर की तरफ लगा वाटरकूलर लोगों की प्यास बुझा रहा है। जिससे अधिकतर लोग पानी की बोतल खुद लेकर आते हैं। साथ ही यहां पर पर्यटकों के लिए कोई ओपन कैफे या छोटा सा रेस्टारेंट तक नहीं है। जिससे पर्यटक यहां आनंद के साथ नजारे का लुत्फ उठा सकें। वहीं, मचकुंड जाने वाले लोग स्वयं अपने साधनों से जाते हैं। यहां पर्यटकों या आमजन को कम खर्चे पर ले जाने के लिए कोई सार्वजनिक बस या फिर अन्य कोई साधन नहीं है। जिससे कई दफा बाहर से आने वाले लोग अनजाने में पैदल जाने वाले लोग परेशान होते हैं।
बोटिंग शुरू...अभी काफी कुछ करने की जरुरत
मचकुंड सरोवर में हाल में नगर परिषद की ओर से बोटिंग शुरू की गई है। अभी एक ही बोट संचालित हैं और पर्यटक इसमें लुत्फ उठा रहे हैं। लेकिन बैटरी से संचालित बोट जल्दी हांफ जाती है। नगर परिषद प्रशासन को पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए यहां पर सुविधाएं बढ़ानी होंगी। साथ ही रोशनी की उचित व्यवस्था होने पर देर शाम को यहां आने वाले लोग आसानी से लुत्फ ले सकेंगे। वहीं, मचकुंड स्थल कई बाइकर्स अंधा-धुंध तरीके से चलाते हैं और शोरगुल करते हैं, जिससे पर्यटक थोड़े सहम जाते हैं। चौकी पुलिस भी केवल वीआईपी के आने पर ही बाहर निकलती है।
Published on:
09 Jun 2026 07:12 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
