
जांच करती टीम का फोटो: पत्रिका
Rajasthan Crime: राजस्थान के धौलपुर जिले के दिहौली थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुई फायरिंग ने खुशियों का माहौल मातम में बदल दिया। दोस्त की शादी में शामिल होने गए 20 साल के युवक राहुल की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार राहुल पुत्र दीवान सिंह अपने साथी सोनपाल के साथ घुरैयाखेड़ा गांव में अपने दोस्त जितेंद्र पुत्र निहाला के घर शादी की दावत में शामिल होने गया था। गांव में देर रात तक शादी की रस्में और दावत चल रही थी। इसी दौरान राहुल की गांव के ही युवक सचिन से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों के बीच विवाद अचानक बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में आए सचिन ने राहुल पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही राहुल जमीन पर गिर पड़ा और वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीण तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
राहुल की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि राहुल की करीब चार महीने पहले ही सगाई हुई थी और घर में जल्द शादी की तैयारियां शुरू होने वाली थीं। युवक की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Updated on:
09 May 2026 03:17 pm
Published on:
09 May 2026 03:11 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
