
सागवाड़ा में उपस्थित समाज जन व रिश्तेदार, इनसेट में मृतक जतिन
Dungarpur News: डूंगरपुर/सरोदा। राजस्थान के डूंगरपुर जिले के सरोदा थाना क्षेत्र के लिंबोड़ बड़ी के एक छात्र की स्कूल बस से गिरने से मौत हो गई । घटना के बाद परिजनों ने वाहन चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए रोष जताया एवं कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस को रिपोर्ट सौंपी ।
जानकारी के अनुसार लिम्बोड निवासी 13 वर्षीय जतिन रेबारी पुत्र रतन रेबारी एक निजी विद्यालय में सातवीं कक्षा में अध्ययनरत था । वह विद्यालय में अध्ययन के बाद स्कूल बस से वापस घर जा रहा था । आरोप है कि स्कूल से कुछ दूर ग्राम पंचायत घोड़ापला के समीप पुलिया पर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे बालक नीचे गिर गया एवं उसे गंभीर चोट लगी ।
इसके बाद बालक को अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई । घटना की जानकारी पर बड़ी संख्या में परिजन व समाजजन एकत्रित हुए एवं घटनाक्रम पर रोष जताते हुए कार्रवाई की मांग की । बालक के परिजन में जीवा पुत्र आशाजी रेबारी ने थाने में रिपोर्ट दी । जिस पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।
इधर, स्कूल प्रबंधन का कहना है कि बस में बच्चों के बीच धक्का - मुक्की होने से बालक गिर गया था एवं उसे चोट लग गई थी । नीचे गिरने के बाद उसे वापस बस में बिठाकर घर छोड़ दिया था । उसके बाद बच्चे की तबियत ज्यादा खराब होने पर सागवाड़ा के निजी अस्पताल ले गए थे, जहां इलाज के दौरान बच्चे जतिन की मौत हो गई ।
पुलिस ने राजकीय चिकित्सालय सागवाड़ा में शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा । बताया जाता है कि मृतक छात्र जतिन के पिता कुवैत में रोजगाररत है तथा माता गृहिणी है ।
इधर, राष्ट्रीय पशुपालक संघ ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, विद्यालय का पंजीकरण रद्द करने एवं उचित मुआवजे की मांग की हैं । बच्चे की मौत के बाद घर में मातम पसर गया है।
Published on:
19 Mar 2026 03:36 pm
बड़ी खबरें
View Allडूंगरपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
