
डूंगरपुर। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विधायक गणेश घोगरा प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए।
Rajasthan Politics: डूंगरपुर। कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं विधायक गणेश घोघरा ने जिले के प्रभारी व टीएडी मंत्री बाबुलाल खराड़ी पर जुबानी हमला बोला हैं। गत दिनों मंत्री खराड़ी की ओर से विधायक घोघरा पर जमीन घोटालों का आरोप लगाने के बाद पत्रकारों से बातचीत में विधायक ने सरकार के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों पर निशाना साधा।
विधायक ने मंत्री खराड़ी पर बांसवाड़ा के दानपुर में बेटे के नाम पर 52 बीघा जमीन घोटाले का आरोप लगाते हुए इसकी पहले जांच कराने को कहा। साथ ही अधिकारियों पर भाजपा व आरएसएस के कहने पर काम करने का जिक्र करते हुए चेतावनी दे डाली की सरकार आने पर ऐसे अधिकारियों को सबक सिखाया जाएगा।
विधायक घोघरा ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए यहां तक कहा कि मंत्री के बगल में बैठने वाला व साथ घूमने वाला ही एक प्रत्याशी पैसा वसूली में लगा हुआ हैं। मां-बाडी केंद्र में नौकरी लगाने के नाम पर डेढ-डेढ लाख भाजपा के कुछ नेताओं ने लिए है। विधायक ने टीएडी में गैर जनजाति की नियुक्ति पर भी सवाल उठाए।
विधायक ने उन पर गत दिनों एफआईआर दिखाकर लगाए गए जमीन घोटाले के आरोप के संबंध में स्पष्ट किया कि दोनों मामले जनता के हित में आवाज उठाने पर दर्ज हुए है। इन एफआईआर में जमीन घोटाले जैसी कोई भी बात नहीं हैं, मंत्री खराड़ी ने झूठ बोलकर वास्तविकता छिपाई।
भाजपा का यही काम है कि जोर से बोलो व झूठ बोलो। विधायक ने कहा कि केंद्रीय बजट में आदिवासी हित में कोई घोषणा तक नहीं हुई। विधायक ने कहा कि मंत्री युवाओं को मौका दे एवं राजनीति छोड़कर घर बैठकर बकरियां चराएं।
प्रभारी मंत्री खराड़ी का कहना है कि मेरे बेटे ने किसी व्यक्ति के नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज जमीन को नियमानुसार खरीदा है। उस पर कोई कब्जा नहीं है। कुछ लोगों ने अन्य जमीन के कब्जे को मेरे बेटे की जमीन बताकर शिकायत की थी, जिसकी जांच बांसवाड़ा प्रशासन कर चुका हैं।
विधायक चाहे तो पुन: जांच करा सकते है। जमीन बिजनेस के लिए बेटे ने खरीदी है। इसके समस्त रिकॉर्ड उपलब्ध है। मंत्री ने कहा कि विधायक घोघरा ने वर्ष 2022 में कांग्रेस की सरकार में अधिकारियों को कमरों में बंद किया था। तब मुख्यमंत्री व सरकार उनकी थी, यदि अधिकारी जमीन के पट्टे नही दे रहे थे तो फोन करके कार्रवाई करवा सकते थे।
हकीकत यह है कि विधायक उस समय जमीन के जबरन पट्टे बनाने का दबाव बना रहे थे। मंत्री ने भ्रष्टाचार के आरोप पर स्पष्ट किया कि हमारी ओर से किसी प्रकार का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभी तक किसी भी आरोप में विधायक सबूत नहीं दे पाए है। उनके पास किसी भी भाजपा प्रत्याशी के पैसे लेने के सबूत है तो मुझे उपलब्ध कराए। संपूर्ण जांच कराने के बाद दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
06 Feb 2026 05:39 pm
Published on:
06 Feb 2026 05:39 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
