
क्रिटिकल केयर यूनिट का निरीक्षण करते मंत्री। फोटो- पत्रिका
डूंगरपुर। चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने शनिवार को हरिदेव जोशी सामान्य चिकित्सालय में बन रहे क्रिटिकल केयर यूनिट और फूड कोर्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने क्रिटिकल केयर यूनिट को जिले के लिए बड़ी सौगात बताते हुए इसके निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
इससे पहले मंत्री खींवसर अपने निजी दौरे के तहत शुक्रवार शाम को उदयविलास पैलेस पहुंचे थे। वहां रात्रि विश्राम करने के बाद शनिवार दोपहर वे हरिदेव जोशी सामान्य चिकित्सालय पहुंचे। यहां जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह और अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेंद्र डामोर ने उनका स्वागत किया।
अस्पताल में कार्यरत संविदा नर्सिंगकर्मियों और यूटीबी आधारित कर्मचारियों ने स्थायीकरण और वेतन विसंगतियों सहित विभिन्न मांगों को लेकर मंत्री को ज्ञापन सौंपा। मंत्री ने उनकी समस्याओं पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने क्रिटिकल केयर यूनिट और ओपीडी विंग का निरीक्षण किया। मुख्य भवन में बने फूड कोर्ट का जायजा लेने के बाद वे वापस लौट गए। इस दौरान सीएमएचओ डॉ. अलंकार गुप्ता, उपअधीक्षक डॉ. कौस्तुभ सिंह, एडिशनल सीएमएचओ डॉ. विपिन मीणा, उपप्रधानाचार्य डॉ. प्रभास भावसार, नर्सिंग जिलाध्यक्ष प्रियदर्शी मीणा, महामंत्री कोकिला कटारा सहित मेडिकल स्टाफ मौजूद रहा।
मंत्री खींवसर ने अस्पताल में बन रहे क्रिटिकल केयर यूनिट की ड्राइंग का अवलोकन किया और सिविल निर्माण से जुड़े अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जुलाई से पहले बिल्डिंग का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए। साथ ही जिला कलेक्टर को यूनिट के लिए आवश्यक उपकरणों की खरीद प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने नए भवन में बिजली व्यवस्था, ऑक्सीजन लाइन और फायर सेफ्टी से जुड़े कार्यों को भी शीघ्र शुरू करने के लिए संबंधित ठेकेदार को निर्देशित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल की ओपीडी बिल्डिंग का भी जायजा लिया। यहां मरीजों की अधिक संख्या और भवन के पुराने होने को देखते हुए उन्होंने नई ओपीडी बिल्डिंग के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। इसमें बेहतर पार्किंग व्यवस्था और आधुनिक ओपीडी ब्लॉक बनाने पर जोर दिया गया।
उन्होंने जर्जर हो चुकी पुरानी इमारत को गिराने के भी निर्देश दिए, ताकि किसी संभावित हादसे को रोका जा सके। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल परिसर में बने फूड कोर्ट का भी अवलोकन किया। वहां मौजूद मरीजों के परिजनों से उन्होंने भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली, जिस पर परिजनों ने भोजन को संतोषजनक बताया।
यह वीडियो भी देखें
दौरे के दौरान मंत्री ने कहा कि फिलहाल यूटीबी नर्सिंग, अस्थाई और प्लेसमेंट के करीब दो हजार कार्मिकों को हटाया जा रहा है और उनकी जगह नए स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति की जा रही है। यह प्रक्रिया नियमानुसार की जा रही है, जिससे बेरोजगार युवाओं को अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि राज्य में कुल 50 हजार स्वास्थ्यकर्मियों की भर्ती की जा रही है, जिसमें से लगभग 30 हजार नियुक्तियां हो चुकी हैं और शेष 20 हजार की नियुक्ति जल्द की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में भर्ती किए गए कुछ डॉक्टर उच्च शिक्षा के लिए चले गए हैं, ऐसे में रिक्त पदों का पुनर्मूल्यांकन कर नई भर्ती की जाएगी। एनबीसीसी के ठेकेदार की ओर से किए जा रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि अब तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यदि कोई शिकायत सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
28 Mar 2026 08:23 pm
बड़ी खबरें
View Allडूंगरपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
