
Cyber Fraud (Photo Source - Patrika)
CG Fraud News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में निवेश के नाम पर ठगी का एक और बड़ा मामला सामने आया है। फर्जी कंपनी बनाकर लोगों को रकम दोगुना करने का लालच देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से एक व्यक्ति को झांसे में लेकर 38 लाख 25 हजार रुपये की ठगी की थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी धर्मेंद्र कुमार बंजारे ने अपने साथियों के साथ मिलकर AMS Solution और M/s R-V Group Company के नाम से फर्जी कंपनी तैयार की थी। इन कंपनियों के जरिए लोगों को कम समय में पैसा दोगुना करने का झांसा दिया जाता था।
पीड़ित दुर्ग के संतरा बाड़ी निवासी जयदीप सिंह कंडा को आरोपी ने भरोसे में लेकर निवेश के लिए तैयार किया। आरोपी ने दावा किया कि महज तीन महीने में निवेश की गई रकम दोगुनी हो जाएगी। इस झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किश्तों में कुल 38 लाख 25 हजार रुपये निवेश कर दिए। जब तय समय के बाद भी रकम वापस नहीं मिली, तो पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने वैशाली नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायपुर के सड्डू इलाके से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और ठगी की पूरी रकम व नेटवर्क की जांच कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि निवेश के नाम पर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अपराधी आसान मुनाफे का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करें। ज्यादा मुनाफे के लालच में आकर अनजान कंपनियों पर भरोसा करना भारी नुकसान का कारण बन सकता है।
Updated on:
02 Apr 2026 12:39 pm
Published on:
02 Apr 2026 12:33 pm
बड़ी खबरें
View Allदुर्ग
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
