
यूटीडी को शानदार रिस्पॉन्स (photo source- Patrika)
UTD Admission: हेमचंद यादव विवि की यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट की शुरुआत पहले ही वर्ष छात्रों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गई है। विवि की ओर से 30 जून तक आवेदन मांगे गए थे, जिनमें 150 सीटों के लिए कुल 1136 आवेदन मिले हैं। यानी एक सीट के लिए औसतन आठ से अधिक अभ्यर्थी मैदान में हैं। अब प्रवेश सीधे नहीं, बल्कि 12 जुलाई को होने वाली प्रवेश परीक्षा के आधार पर मिलेगा।
विवि के अनुसार प्रवेश परीक्षा में विषय आधारित प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा परिणाम के बाद तैयार मेरिट सूची के अनुसार काउंसलिंग होगी। अधिक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता के आधार पर प्रवेश मिलेगा। काउंसलिंग का विस्तृत कार्यक्रम विवि की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।
इस सत्र से यूटीडी में बेसिक साइंस के पांच विषय गणित, भौतिकी, रसायनशास्त्र, वनस्पति विज्ञान और प्राणी विज्ञान में एमएससी की पढ़ाई शुरू होगी। प्रत्येक विषय में 30 सीटें निर्धारित की गई हैं। प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की मेरिट सूची तैयार होगी और उसी के आधार पर काउंसलिंग के जरिए दाखिले दिए जाएंगे। परीक्षा का सिलेबस विवि की वेबसाइट पर पहले ही उपलब्ध करा दिया गया है।
यूटीडी के लिए कुल 60 पद स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें पांचों विषयों के लिए 35 शिक्षकीय पद शामिल हैं। नियमित नियुक्तियां होने तक शुरुआती वर्षों में पढ़ाई अतिथि व्याख्याताओं के माध्यम से कराई जाएगी। विवि ने अतिथि व्याख्याताओं की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली है। वहीं, प्रयोगशालाएं भी तैयार कर ली गई हैं और कक्षाएं पोटियाकला स्थित नए भवन में संचालित होंगी।
उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय परिसर में ही आधुनिक सुविधाओं के साथ पढ़ाई उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट (UTD) की शुरुआत की है। पहले चरण में यहां एमएससी के पांच विषयों—गणित, भौतिकी, रसायनशास्त्र, वनस्पति विज्ञान और प्राणी विज्ञान—की पढ़ाई शुरू की जा रही है। प्रत्येक विषय में 30 सीटें निर्धारित की गई हैं।
UTD की स्थापना का उद्देश्य विद्यार्थियों को अनुभवी शिक्षकों, आधुनिक प्रयोगशालाओं, शोध आधारित शिक्षा और बेहतर अकादमिक माहौल उपलब्ध कराना है। इसी वजह से पहले ही वर्ष UTD को छात्रों का जबरदस्त प्रतिसाद मिला है। इस बार प्रवेश प्रक्रिया मेरिट के बजाय प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होगी। 12 जुलाई को आयोजित होने वाली परीक्षा के बाद मेरिट सूची तैयार की जाएगी और उसी के आधार पर काउंसलिंग के जरिए दाखिले दिए जाएंगे।
Published on:
01 Jul 2026 12:17 pm
बड़ी खबरें
View Allदुर्ग
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
