
CG Election 2023 : नामांकन के साथ चढऩे लगा सियासी पारा... भाजपा-कांग्रेस समेत अन्य पार्टी के प्रत्याशियों ने भरा पर्चा
दुर्ग। CG Election 2023 : सोमवार को दूसरे दिन जिले में नामांकन का श्रीगणेश हो गया। दुर्ग ग्रामीण के भाजपा प्रत्याशी ललित चंद्राकर ने शुभ मुहूर्त में दोपहर करीब एक बजे संगठन के नेताओं के साथ पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। वहीं पाटन के भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल और अहिवारा के भाजपा प्रत्याशी डोमनलाल कोर्सेवाड़ा नामांकन दाखिल करने एक साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनके साथ दुर्ग शहर के भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र यादव भी थे।
हालांकि उन्होंने नामांकन दाखिल नहीं किया, लेकिन वे पूरे समय परिसर में मौजूद रहे। इधर दूसरे दिन भी 28 लोगों ने नामांकन लिया। इनमें पाटन के कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, दुर्ग के कांग्रेस प्रत्याशी अरुण वोरा, वैशाली नगर के कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश चंद्राकर व भाजपा प्रत्याशी रिकेश सेन प्रमुख थे। दो दिन में नामांकन लेने वालों की संख्या 56 हो गई है।
यह भी पढ़ें : cg election 2023 : जगदलपुर सीट से दो प्रत्याशियों ने लिया नाम वापस, देखें
दूसरे दिन सुबह 11 बजे नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई। दुर्ग ग्रामीण के कांग्रेस प्रत्याशी ललित चंद्राकर संगठन के नेताओं के हुजूम के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनके साथ जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, पूर्व मंत्री जागेश्वर साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष माया बेलचंदन व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थे। मुहूर्त के अनुरूप 1 बजने का इंतजार किया। फिर कलेक्ट्रेट में प्रवेश कर नामांकन दाखिल किया। ।
इसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ अहिवारा प्रत्याशी डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पहुंचे। उन्होंने परिसर के बाहर पहले पाटन के प्रत्याशी सांसद विजय बघेल का इंतजार किया। बघेल करीब 2.35 बजे पहुंचे। इसके बाद दोनों दुर्ग शहर प्रत्याशी गजेंद्र यादव के साथ नामांकन के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे।
वोरा-गजेंद्र ने खुद लिया नामांकन
सोमवार की सुबह विधायक अरुण वोरा व दुर्ग शहर के भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र यादव ने खुद कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपने लिए नामांकन लिया। शेष नेताओं के लिए उनके समर्थकों ने नामांकन लिया। सुबह नामांकन लेने के बाद गजेंद्र दोपहर में वापस कलेक्ट्रेट पहुंचे और सांसद विजय बघेल के नामांकन में शामिल हुए।
उन्होंने बताया कि वे 27 अक्टूबर को शुभ मुहुर्त में नामांकन दाखिल करेंगे।
बिना नामांकन भरे लौटा भाजपा का बागी
दोपहर करीब एक बजे वैशाली नगर विधानसभा के भाजपा के बागी छोटेलाल चौधरी बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ नामांकन भरने पहुंचे। करीब आधे घंटे तक वे कलेक्ट्रेट में मीडिया सेंटर के पास खड़े रहे, लेकिन वे बाद में बिना नामांकन भरे लौट गए। बताया जा रहा है कि तय समय में उनका दस्तावेज तैयार नहीं हो पाया था, इसलिए उन्हें बैरंग लौटना पड़ा।
परिवारवाद से छुटकारा दिलाना लक्ष्य - ललित
नामांकन दाखिले के लिए पहुंचे दुर्ग ग्रामीण के भाजपा प्रत्याशी ललित चंद्राकर ने गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मंत्री के परिवारवाद से दुर्ग ग्रामीण की जनता को छुटकारा दिलाना उनका लक्ष्य है। जनता मंत्री के परिवार के लोगों की दखल से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री के क्षेत्र में भी कानून व्यवस्था ध्वस्त है। सवालों के जवाब में उन्होंने बताया कि वर्षों से फील्ड में काम के कारण उन्हें जनता का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
सरकार को उखाड़ फेंकने का है संकल्प: विजय
सांसद विजय बघेल ने नामांकन दाखिले के बाद मीडिया से चर्चा में कहा कि नवरात्रि के बाद जिस तरह अहंकार रूपी रावण का वध होता है, उसी संकल्प के साथ जनता के दरबार में जा रहे हैं। प्रदेश के घमंड, द्वेष और झूठ की सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प है। उन्होंने सरकार पर कोरोनाकाल में भी शराब परोसने और छह निर्दोष लोगों को जेल भेजने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की सरकार आएगी तो शराब से जुड़ी अव्यवस्थाओं को दूर किया जाएगा।
काम के आधार पर मूल्यांकन होगा - कोर्सेवाड़ा
अहिवारा के भाजपा प्रत्याशी डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने चुनाव में जीत का दावा करते हुए कहा कि जनता उनके पिछले कार्यकाल के कार्यों का मूल्यांकन करेगी। उन्होंने अपने क्षेत्र में शिवनाथ का पानी पहुंचाने के साथ 24 सडक़ों के निर्माण का कार्य किया। इसका प्रतिसाद उन्हें जनता के समर्थन के रूप में मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि सर्वसमाज के सहयोग से क्षेत्र का विकास उनका प्रथम लक्ष्य है।
इन्होंने लिया नामांकन
पाटन - मुधकांत जोहर छत्तीसगढ़ पार्टी, उमेश कुमार निर्दलीय, राजेंद्र बघेल छत्तीसगढ़ महतारी पार्टी, विजय बघेल भाजपा, भूपेश बघेल कांग्रेस, हैदर भाटी निर्दलीय।
दुर्ग शहर - अरुण वोरा कांग्रेस, गजेंद्र यादव भाजपा, जार्ज खेस निर्दलीय, ईजराइल खान (शाहजादा) निर्दलीय, ध्रुव कुमार सोनी (लंगूर सोनी) छत्तीसगढ़ महतारी पार्टी।
दुर्ग ग्रामीण - ललित चंद्राकर भाजपा, निशा कुमार साहू जनता कांग्रेस, ईश्वर कुमार निषाद बहुजन समाज पार्टी, कामेश्वर प्रसाद जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी।
भिलाई नगर - मोहम्मद जहीर खान जनता कांग्रेस।
वैशाली नगर - मुकेश चंद्राकर कांग्रेस, रिकेश सेन भाजपा, निटेश गेंद्र निर्दलीय, योगेश्वर साहू जोहार छत्तीसगढ़, दिवाकर भाटी जनता कांग्रेस, करीम खान कांग्रेस, दिनेश शिंदे बहुजन समाज पार्टी, सुबेदार सिंह समाजवादी पार्टी।
अहिवारा - संतोष कुमार बंजारे बहुजन समाज पार्टी, रामकुमार सूर्यवंशी कांग्रेस, अरुण कुमार वैद्यकर जोहार छत्तीसगढ़, कौशिल्या नारंग पिछड़ा समाज पार्टी यूनाइटेड।
Published on:
24 Oct 2023 12:57 pm
बड़ी खबरें
View Allदुर्ग
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
