16 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Opium Smuggling: अफीम तस्करी का भंडाफोड़! राजस्थान के दो तस्कर गिरफ्तार, कैश और डोडा बरामद

Opium Smuggling: दुर्ग जिले में अवैध अफीम की खेती और उससे जुड़े तस्करी नेटवर्क के खिलाफ दुर्ग पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

2 min read
Google source verification

Opium Smuggling: अफीम तस्करी का भंडाफोड़! राजस्थान के दो तस्कर गिरफ्तार, कैश और डोडा बरामद(photo-patrika)

Opium Smuggling: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध अफीम की खेती और उससे जुड़े तस्करी नेटवर्क के खिलाफ दुर्ग पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने राजस्थान के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 304 ग्राम अफीम डोडा (चुक्की) और 1 लाख 29 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Opium Smuggling: पहले ही चार आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें विकास बिश्नोई, विनायक ताम्रकार, मनीष उर्फ गोलू ठाकुर और छोटू राम शामिल हैं। सभी आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसमें अफीम तस्करी के नेटवर्क से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आईं।

पूछताछ में खुला तस्करी का राज

पुलिस पूछताछ में आरोपी विकास बिश्नोई ने बताया कि अवैध तरीके से उगाई गई अफीम से तैयार डोडा को कुछ लोग खरीद लेते थे। इसके बाद इसे होटल और ढाबों में छिपाकर रखा जाता था और मौका मिलने पर इसकी बिक्री की जाती थी। यहीं से आगे तैयार होने वाली अफीम की खरीद की योजना भी बनाई जाती थी।

होटल और ढाबे में छापेमारी

आरोपी के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 15 मार्च को बेमेतरा–सिमगा रोड स्थित ग्राम कठिया में छापेमारी की। यहां श्री रामदेव होटल और राजस्थानी हाईवे ढाबा को निशाना बनाया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस को होटल के कमरे से अवैध अफीम डोडा और नकदी बरामद हुई।

304 ग्राम अफीम डोडा और नकदी जब्त

पुलिस के अनुसार आरोपी रणछोड़ राम उर्फ रणजीत के होटल के कमरे से 304 ग्राम अफीम डोडा (चुक्की), 1 लाख 29 हजार रुपए नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। वहीं आरोपी सुनील देवासी के पास से अफीम डोडा को चुक्की बनाने में इस्तेमाल होने वाली मिक्सी (जार सहित) और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।

राजस्थान के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

पुलिस के मुताबिक आरोपी रणछोड़ राम उर्फ रणजीत (करीब 50 वर्ष) राजस्थान के बालोतरा जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुड़ी का निवासी है, जो फिलहाल बेमेतरा जिले के ग्राम कठिया में रह रहा था। वहीं दूसरा आरोपी सुनील देवासी (करीब 28 वर्ष) भी उसी गांव का निवासी है और वर्तमान में ग्राम कठिया में रह रहा था।

तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे तस्करी नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है और इससे जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।