
सोशल मीडिया में वायरल होने का जुनून (photo source- Patrika)
CG Crime News: दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र से सोशल मीडिया के बढ़ते क्रेज का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर वायरल होने की चाहत में एक युवक ने थाने को ही रील शूट करने का सेट बना लिया। पुलिस ने इस हरकत को गंभीरता से लेते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, हर्ष साहू उर्फ “हुक्का” नाम का युवक सोशल मीडिया पर अपनी पहचान बनाने के लिए उतई थाना परिसर पहुंचा। यहां उसने फिल्मी अंदाज में रौब दिखाते हुए एक वीडियो शूट किया। वीडियो में वह थाने से बाहर निकलते हुए स्वैग में नजर आ रहा था, और बैकग्राउंड में “आज जेल, कल बेल, परसो फिर वही खेल” जैसे गाने का इस्तेमाल किया गया था। इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया, जहां यह तेजी से वायरल हो गया और करीब 47 हजार लोगों ने इसे देख लिया।
वीडियो के वायरल होते ही दुर्ग पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। पुलिस का मानना है कि इस तरह के वीडियो न सिर्फ पुलिस की छवि को प्रभावित करते हैं, बल्कि सरकारी परिसर के दुरुपयोग को भी बढ़ावा देते हैं। इसी आधार पर उतई थाना पुलिस ने आरोपी हर्ष साहू को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही वीडियो बनाने में सहयोग करने वाले उसके दोस्त, स्टेशन मरोदा निवासी कनक चतुर्वेदी को भी हिरासत में लिया गया है।
जांच में सामने आया है कि हर्ष साहू पहले भी कानून के शिकंजे में आ चुका है। वर्ष 2024 में उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था और वह करीब 17 महीने तक जेल में रह चुका है। इसके बावजूद इस तरह की हरकत ने उसकी मंशा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह मामला इस बात का उदाहरण है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स की चाहत किस हद तक लोगों को ले जा रही है। लोग यह भूल रहे हैं कि सार्वजनिक और संवेदनशील स्थानों पर इस तरह के वीडियो बनाना कानूनन अपराध भी हो सकता है। पुलिस ने आम लोगों, खासकर युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी से करें और किसी भी सरकारी या संवेदनशील जगह का गलत इस्तेमाल न करें।
Updated on:
14 Apr 2026 12:08 pm
Published on:
14 Apr 2026 12:07 pm
बड़ी खबरें
View Allदुर्ग
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
