
ट्रेड वॉर खत्म करने के लिए भारत का बड़ा कदम, अमरीका से खरीदे जाएंगे 1000 हवाई जहाज
नई दिल्ली। अमरीका द्वारा शुरू किए गए ट्रेड वाॅर के बाद भारत आैर अमरीका बीच आर्इ खटास को दूर करने के लिए भारत ने एक बड़ा कदम उठाया है। भारत ने अमरीका के सामने करीब 1000 नागरिक विमान खरीदने के प्रस्ताव दिया है। इन विमानों की खरीदारी अगले 7 से 8 साल में की जाएगी। अंग्रेजी वेबसाइट इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार वाणिज्य मंत्री सुरेश प्रभु ने बीते सप्ताह अपने अमरीकी समकक्ष से बैठक के दौरान यह प्रस्ताव दिया है। रिपोर्ट के अनुसार इस बैठक में अमरीका से गैस और तेल की आपूर्ति बढ़ाने को लेकर भी बातचीत हुई है।
दोनों देशों के अधिकारी करेंगे बातचीत
दोनों देशों के बीच ट्रेड वॉर शुरू होने के बाद रिश्तों में खटास आ गई है। अब दोनों ही देशों के अधिकारी इस खटास को दूर करने में जुटे हैं। जानकारी के अनुसार अमरीका के दक्षिण एवं मध्य एशिया मामलों के व्यापारिक प्रतिनिधि मार्क लिंस्कॉट रविवार को भारत के वाणिज्य मंत्रालय के अधिकारियों से वार्ता करेंगे। इस वार्ता में ट्रेड वॉर के बाद दोनों देशों के रिश्तों में आई खटास को दूर करने को लेकर बाचतीत होगी। आपको बता दें कि मार्च में अमरीका ने भारत से आयात होने वाले एल्युमिनियम और इस्पात पर आयात शुल्क बढ़ा दिया था। इसके जवाब में भारत ने भी अमरीका से आयात होने वाली मोटरसाइकिल, सेब, बादाम समेत 30 उत्पादों पर आयात शुल्क बढ़ाया था।
6 जुलाई को अमरीका जाएंगी सुषमा स्वराज
जानकारों के अनुसार, इस समय भारत और अमरीका के बीच रिश्ते सबसे अच्छे दौर से गुजर रहे हैं। लेकिन इस ट्रेड वॉर से दोनों देशों के रिश्तों के बीच थोड़ी सी खटास आ गई है। इस खटास को दूर करने के लिए 6 जुलाई को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमन अमरीका जा रही हैं। दोनों मंत्री वॉशिंगटन में अपने समकक्षों से मुलाकात करेंगी। इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच आए तनाव को दूर करने के लिए बातचीत की जाएगी।
Updated on:
24 Jun 2018, 8:15 AM IST
Published on:
23 Jun 2018, 2:59 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.