
Exams In January 2025: नए साल की शुरुआत के साथ ही कई सारी परीक्षाएं भी शुरू हो जाएंगी। अकेले जनवरी महीने में ही तीन बड़ी परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। ऐसे में ये महीना छात्रों के लिए काफी महत्वपूर्ण होने वाला है। जनवरी 2025 में यूजीसी नेट से लेकर जेईई मेन जैसी कई बड़ी परीक्षाएं (Exams In January) हैं।
यूजीसी नेट दिसंबर 2024 परीक्षा 3 जनवरी 2025 से शुरू होगी। वहीं 16 जनवरी 205 को आखिरी पेपर होगा। इससे पहले 1 जनवरी 2025 से लेकर 19 जनवरी 2025 तक परीक्षा की तिथि निर्धारित की गई थी। कुल 85 विषयों के लिए यूजीसी नेट परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड भी जारी किया जा चुका है, जिसे आप आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.ac.in की मदद से डाउनलोड कर सकते हैं।
यूजीसी नेट परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 19 नवंबर 2024 से शुरू की गई थी। वहीं इस परीक्षा के लिए 11 दिसंबर 2024 तक आवेदन लिए गए। छात्रों को फॉर्म में सुधार करने के लिए 12-13 दिसंबर 2024 तक का वक्त दिया गया।
वहीं वर्ष 2025 में जो मुख्य बड़ी परीक्षाएं होने वाली हैं, उनमें से एक जेईई मेन परीक्षा भी है। 12वीं के बाद देश के टॉप इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला लेने के लिए छात्रों को आईआईटी जेईई परीक्षा पास करनी होती है। आईआईटी जेईई परीक्षा दो फेज में होती है, जेईई मेन और जेईई एडवांस। जेईई मेन परीक्षा का आयोजन जनवरी महीने के अंत में होगा। परीक्षा 22 जनवरी से शुरू होकर 31 जनवरी तक चलेगी। एडमिट कार्ड परीक्षा से 4 दिन पूर्व जारी किया जाएगा और सिटी स्लिप परीक्षा के 10 महीने पहले जारी किया जाएगा।
कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की ओर से सीजीएल टियर 2 परीक्षा का आयोजन 18,19 और 20 जनवरी 2025 को किया जाएगा। इस परीक्षा के जरिए ग्रुप बी और सी के कुल 17, 727 पदों पर भर्ती होगी। इस लिहाज से देखें अगर तो ये जनवरी में आयोजित की जाने वाली बड़ी परीक्षाओं में से एक है। इस परीक्षा के संबंध में अधिक जानकारी के लिए कैंडिडेट्स एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाएं। बता दें, टियर 2 परीक्षा में ऐसे ही कैंडिडेट्स शामिल हो सकते हैं जो टियर 1 परीक्षा का हिस्सा बने थे।
Updated on:
1 Jan 2025, 8:54 AM IST
Published on:
31 Dec 2024, 3:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.