
मुस्कान जहरा काल्बी (फोटो- पत्रिका)
Success Story Of Muskan Zehra Qalbi: केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की मुस्कान जहरा काल्बी ने NEET 2026 परीक्षा में UT- लेवल पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टॉप किया है। उनके इस शानदार प्रदर्शन पर भारतीय सेना भी खुद को उनकी तारीफ करने से नहीं रोक पाई। सेना ने मुस्कान की सफलता पर खुशी जताते हुए उन्हें पूरे लद्दाख के छात्रों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बताया साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए ढ़ेर सारी शुभकामनाएं भी दी।
भारतीय सेना की फायर एंड फ्यूरी कॉर्प्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर मुस्कान की तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें जमकर बधाई दी। सेना ने अपने संदेश में लिखा कि यह बेहतरीन प्रदर्शन का जश्न और सपनों को नई उड़ान है। आर्मी गुडविल स्कूल हरका बहादुर की पूर्व छात्रा मुस्कान जहरा काल्बी को NEET 2026 में सफलता के लिए सेना गर्व के साथ शुभकामनाएं देती है। मुस्कान ने 720 में से 602 अंक हासिल करके एसटी (ST) कैटेगरी में 63वीं और ऑल इंडिया स्तर (AIR) पर 9221वीं रैंक हासिल की है।
मुस्कान की इस कामयाबी पर सेना ने आगे कहा कि यह सफलता उनके समर्पण, स्कूल, परिवार व शिक्षकों द्वारा तैयार की गई मजबूत नींव का शानदार परिणाम है। वह उन सभी छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं जो जीवन में आगे बढ़ना चाहते हैं। सेना के मुताबिक मुस्कान ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और अच्छी शिक्षा से सफलता का रास्ता कैसे बनाया जा सकता है। सेना ने चिकित्सा के नेक पेशे में उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
मुस्कान जहरा कारगिल के हरदास इलाके की रहने वाली हैं। उनके पिता का नाम मोहम्मद काजिम खान है। NEET UG 2026 में 99.52 परसेंटाइल हासिल कर उन्होंने पूरे लद्दाख का नाम रोशन किया है। उनकी इस बड़ी उपलब्धि पर स्थानीय शिक्षकों, शुभचिंतकों और समाज के सभी लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है। लोगों को पूरी उम्मीद है कि मुस्कान की सफलता से इलाके के बाकी स्टूडेंट्स को भी मेडिकल की तैयारी के लिए प्रेरणा मिलेगी।
Updated on:
19 Jul 2026 12:43 pm
Published on:
19 Jul 2026 12:43 pm
