
Success Story: ICAI ने नवंबर सीए फाइनल परीक्षा का रिजल्टबीते 26 दिसंबर 2024 को जारी कर दिया है। इस साल के टॉपर्स के साथ ही पिछले साल के टॉपर शिवम मिश्रा एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। निम्न मध्यम वर्ग परिवार से आने वाले शिवम मिश्रा ने 2024 की सीए परीक्षा में AIR रैंक हासिल किया था। उन्होंने सिर्फ 22 साल की उम्र में 83.88 प्रतिशत हासिल किया था।
शिवम मिश्रा (Shivam Mishra) के पिता नागेंद्र मिश्रा पंडित और ज्योतिषी हैं और मां गृहिणी। शिवम मूल रूप से मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। उनका जन्म भी यहीं हुआ था। लेकिन जब वे तीन साल के थे तो उनका पूरा परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया। शिवम की पूरी पढ़ाई राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से ही हुई है। शिवम ने स्कूल के दिनों से ही अपना लक्ष्य निर्धारित कर लिया था और सीए परीक्षा क्रैक करने के लिए वे स्कूल के दिनों से ही इसकी तैयारी में जुट गए थे।
शिवम मिश्रा ने नई दिल्ली के सैनिक विहार में स्थित केंद्रीय विद्यालय से पढ़ाई की है। 10वीं की बोर्ड परीक्षा पास करने के बाद उन्होंने 11वीं में कॉमर्स स्ट्रीम चुना। जब शिवम ने कॉमर्स विषय चुना था तब उनके परिवार में कोई भी ऐसा शख्स नहीं था जिसने इस विषय से पढ़ाई की हो। शिवम के परिवार के ज्यादातर लोग पूजा पाठ जैसे काम से जुड़े हैं। ऐसे में उनके पास गाइडेंस की कमी थी। लेकिन सीए बनने के लिए कॉमर्स बैकग्राउंड सबसे बेहतर विकल्प था और ये बात शिवम जानते थे।
दिलचस्प तो ये है कि शुरुआत में शिवम का मन पढ़ने में नहीं लगता था। वे अपने स्कूल में बैकबेंचर थे। लेकिन बाद में उनकी रूचि पढ़ने में बढ़ी और 10वीं की परीक्षा में मेहनत के दम पर उन्होंने 10 CGPA हासिल किया था। यही नहीं वे 12वीं में भी टॉपर रहे थे।
शिवम रोजाना 3-4 घंटे की पढ़ाई करते थे। वहीं परीक्षा के कुछ महीने पहले से उन्होंने 14 घंटे की पढ़ाई का टारगेट रखा। शिवम को गेम्स का बहुत शौक है। ऐसे में वे तैयारी के बीच भी समय निकालकर PubG खेला करते थे। शिवम का मानना है कि करियर और मनोरंजन के बीच संतुलन बनाया जा सकता है। किसी एक काम के लिए किसी दूसरे को त्यागना जरूरी नहीं है।
Updated on:
1 Jan 2025, 10:13 AM IST
Published on:
1 Jan 2025, 10:13 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.